Edited By Himansh sharma, Updated: 29 Aug, 2026 10:18 PM

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
भोपाल/नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच हुई इस मुलाकात को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
खास बात यह है कि दतिया उपचुनाव में भाजपा को मिली हार के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव की अमित शाह से यह पहली मुलाकात बताई जा रही है। ऐसे में इस बैठक को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। हालांकि, मुलाकात में दतिया उपचुनाव या प्रदेश की राजनीति को लेकर क्या चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को मध्य प्रदेश में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। सीएम ने यह भी बताया कि इस दौरान सहकारिता के क्षेत्र में मध्य प्रदेश में किए जा रहे नवाचारों और हासिल उपलब्धियों की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी गई।
मुलाकात के बाद सियासी चर्चाएं तेज
अमित शाह और मोहन यादव की इस मुलाकात के बाद प्रदेश भाजपा में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। दतिया उपचुनाव के नतीजे के बाद यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों पर नजर बनी हुई है। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत का आधिकारिक एजेंडा फिलहाल जनकल्याणकारी योजनाओं और सहकारिता क्षेत्र की प्रगति तक ही सामने आया है। अब राजनीतिक नजरें इस बात पर हैं कि इस मुलाकात के बाद मध्य प्रदेश भाजपा की राजनीति में कोई बड़ा संदेश या बदलाव सामने आता है या नहीं।