Edited By Himansh sharma, Updated: 26 Apr, 2026 04:58 PM

जिले के नवागत कलेक्टर अर्पित वर्मा एक सार्वजनिक कार्यक्रम में दिए गए अपने संबोधन को लेकर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं।
शिवपुरी। जिले के नवागत कलेक्टर अर्पित वर्मा एक सार्वजनिक कार्यक्रम में दिए गए अपने संबोधन को लेकर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। यह मामला तब सामने आया जब उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को मंच से ‘महाराज साहब’ कहकर संबोधित किया।
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री सिंधिया शिवपुरी जिले के लुकवासा में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान वे आम नागरिकों से प्राप्त आवेदन स्वयं ले रहे थे, जबकि जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा उनके पास एक थैला लेकर खड़े थे, जिसमें आवेदन एकत्र किए जा रहे थे।
इसी बीच, कलेक्टर अर्पित वर्मा ने माइक संभालते हुए कहा कि यदि कोई आवेदक शेष रह गया हो, तो वह तुरंत ‘महाराज साहब’ को अपना आवेदन सौंप दे। उनका यह संबोधन और शैली कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई, वहीं इसका वीडियो और संदर्भ अब विभिन्न स्तरों पर प्रतिक्रियाएं भी बटोर रहा है।
घटना के बाद इस पर अलग-अलग नजरिए से बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे औपचारिक संबोधन की सहज अभिव्यक्ति मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे प्रशासनिक पद की गरिमा और भाषा शिष्टाचार के संदर्भ में देख रहे हैं।