कांग्रेस ने पूरे देश में अराजकता का वातावरण पैदा करने की योजना बनाई है : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष

Edited By meena, Updated: 22 Jul, 2026 08:47 PM

congress has planned to create an atmosphere of anarchy across the country bjp

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा है कि कांग्रेस ने पूरे देश में अराजकता का वातावरण पैदा करने की योजना बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में गलत बयानबाजी...

रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह) : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा है कि कांग्रेस ने पूरे देश में अराजकता का वातावरण पैदा करने की योजना बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में गलत बयानबाजी, अपशब्दों का प्रयोग और उनके आवास पर आंदोलन करके राहुल गांधी और कांग्रेस ने देश का माहौल खराब करने की कोशिश की है। किरण देव बुधवार को यहां लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास का घेराव कर देश में अराजकता एवं हिंसा फैलाने के विरोध में भाजपा रायपुर जिला इकाई द्वारा आहूत कांग्रेस कार्यालय घेराव करने एकत्रित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने राहुल गांधी से सवाल किया कि आखिर वह चाहते क्या हैं? जिस तरीके से बांग्लादेश में अराजकता का माहौल बना हुआ था, हमारे देश में भी राहुल गांधी अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं । कांग्रेस के नेता अभद्र भाषा व अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। संविधान की हत्या खुद करते हैं और संविधान की किताब लेकर दिखाते घूमते हैं। प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों का प्रयोग करने की अमर्यादित राजनीति देखने को कहीं नहीं मिलेगी। श्री देव ने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने का काम कांग्रेस कर रही है, उनके आंदोलन को गलत तरीके से राजनीतिक रंग दे रही है। छत्तीसगढ़ में भूपेश शासनकाल में पीएससी घोटाला कर अपने भाई-भातिजों को पोषित करने का काम तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने किया था और लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया। कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं को भेजकर आंदोलन कर रहे लोगों को भड़काने का काम कांग्रेसी कर रहे हैं, 'बिलो दि बेल्ट' की राजनीति करना राहुल गांधी और कांग्रेस का राजनीतिक चरित्र हो गया है। कांग्रेस सोचती है कि वह जितनी नकारात्मक राजनीति करेगी, भाजपा नेताओं को गालियाँ देगी, उनके खिलाफ साजिश रचेगी, उतना ही जनता उनके साथ आएगी; परंतु ऐसा कभी नहीं होगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने कहा कि भाजपा और देश की जनता राहुल गांधी के इन कृत्यों का विरोध करती रहेगी। आज सिर्फ रायपुर में ही नहीं, पूरे देश में कांग्रेस के कृत्य को लेकर विरोध हो रहा है। भाजपा हमेशा मर्यादित राजनीति करती है। प्रधानमंत्री बनने के लिए देश में अराजकता का माहौल पैदा करके राहुल गांधी राजनीति कर रहे हैं। आने वाले समय में कांग्रेस इतिहास बनकर रह जाएगी। यहां ओछी राजनीति करने वालों की कोई जगह नहीं है। राहुल गांधी के इस कृत्य के लिए देश की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। इस तरीके से सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए राहुल गांधी ने यह किया है।

PunjabKesari

यह राहुल गांधी की राजनीतिक उच्छृंखलता : साव

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस मौके पर कहा कि राहुल गांधी बिना किसी को कोई सूचना दिए प्रधानमंत्री निवास के बाहर जाकर आंदोलन करने लगे। यह राहुल गांधी की राजनीतिक उच्छृंखलता को दर्शाता है। राहुल गांधी खुद को देश और यहां के संविधान से बड़ा मानते हैं। न उन्हें देश के संविधान पर आस्था है, न ही संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा है। साव ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी ने देश में अराजकता फैलाने की कोशिश की है, लेकिन हिंदुस्तान यह नहीं सहेगा। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा से पराजित हो रहे हैं, जनता भी प्रधानमंत्री श्री मोदी के साथ खड़ी है। साव ने कहा कि राहुल गांधी का यह कृत्य अत्यन्त निन्दनीय है। कांग्रेस शून्य पर आ चुकी है और आने वाले समय में जनता इन्हें एक बार फिर सबक सिखाएगी। राहुल गांधी किसी मुगालते में न रहें। यह नया भारत है और इसमें देश व संविधान का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही कई वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

ये रहे उपस्थित

घेराव के दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रय यशवन्त जैन, अखिलेश सोनी व डॉ. नवीन मार्कंडेय, कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, श्यामबिहारी जायसवाल, लखनलाल देवांगन, दयालदास बघेल, गुरु खुशवंत साहेब, टंकराम वर्मा, राजेश अग्रवाल, लक्ष्मी रजवाड़े, विधायक राजेश मूणत, पुरन्दर मिश्रा, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, इंद्रकुमार साहू , रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, सुरेंद्र पटनी, महापौर मीनल चौबे, जिला मंत्री अमित साहू, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, जिला महामंत्री गुंजन प्रजापति, सहित भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, सभी पार्षद एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!