Edited By meena, Updated: 23 Jun, 2026 07:27 PM

धमधा विकासखंड के शिक्षा विभाग में लंबे समय से लंबित मेडिकल बिल, सर्विस बुक एंट्री और अन्य प्रशासनिक कार्यों में हो रही देरी को लेकर सोमवार को माहौल गर्म रहा...
धमधा (हेमंत पाल) : धमधा विकासखंड के शिक्षा विभाग में लंबे समय से लंबित मेडिकल बिल, सर्विस बुक एंट्री और अन्य प्रशासनिक कार्यों में हो रही देरी को लेकर सोमवार को माहौल गर्म रहा। छत्तीसगढ़ शिक्षक मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) अथर्व शर्मा से मुलाकात कर शिक्षकों की समस्याओं और कथित भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान BEO ने साफ शब्दों में कहा कि यदि किसी भी शिक्षक से काम के बदले पैसे मांगे जाते हैं तो वे बिना किसी भय के सीधे उनसे शिकायत करें।
बैठक में उस समय माहौल गंभीर हो गया जब शिक्षक मोर्चा ने मेडिकल क्लेम और सर्विस बुक संबंधी कार्यों में अनावश्यक देरी तथा भ्रष्टाचार की शिकायतों का मुद्दा उठाया। कई शिक्षकों ने बताया कि महीनों से उनके मेडिकल बिल लंबित हैं, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मेडिकल बिलों पर तत्काल कार्रवाई का भरोसा
मोर्चा की ओर से भूपेंद्र यादव, कर्म किशोर ध्रुव, महेंद्र साहू सहित कई शिक्षकों के लंबित मेडिकल क्लेम का मामला प्रमुखता से उठाया गया। वहीं टेकराम यादव और नोहर ठाकुर ने सर्विस बुक तथा जीपीएफ पासबुक से संबंधित समस्याओं की जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए BEO अथर्व शर्मा ने संबंधित लंबित मेडिकल क्लेम को तत्काल जिला एवं राज्य स्तर पर अग्रेषित करने की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षकों को उनके वैधानिक अधिकार समय पर मिलना चाहिए और यदि किसी कर्मचारी द्वारा काम के एवज में राशि की मांग की जाती है तो इसकी सूचना सीधे उन्हें दी जाए। BEO के इस बयान को शिक्षकों ने विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश माना है।
TET पास शिक्षकों को बड़ी राहत
बैठक के दौरान वर्षों से लंबित एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे पर भी सहमति बनी। कई शिक्षक TET उत्तीर्ण होने के बावजूद उनकी पात्रता संबंधी जानकारी सर्विस बुक में दर्ज नहीं हो पा रही थी।
इस संबंध में BEO ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2018 से पूर्व TET उत्तीर्ण करने वाले शिक्षकों को विभागीय अनुमति संबंधी औपचारिकताओं में राहत दी जाएगी। ऐसे शिक्षक अपने प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सर्विस बुक में प्रविष्टि करा सकेंगे। पुरानी आवक-जावक पावती के आधार पर डी.एड., बी.एड. एवं TET की एंट्री करने की प्रक्रिया भी आसान बनाई जाएगी। हालांकि वर्ष 2018 के बाद TET उत्तीर्ण करने वालों के लिए विभागीय अनुमति की शर्त यथावत रहेगी।
परामर्शदात्री बैठक जल्द, समस्याओं पर होगा मंथन
शिक्षकों की विभिन्न प्रशासनिक और सेवा संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए BEO ने जल्द ही परामर्शदात्री बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया। इस बैठक में लंबित मामलों की समीक्षा के साथ भविष्य में ऐसी समस्याएं न आएं, इसके लिए भी रणनीति तैयार की जाएगी।
शोषण नहीं सहेंगे शिक्षक मोर्चा
छत्तीसगढ़ शिक्षक मोर्चा ने बैठक के बाद स्पष्ट किया कि शिक्षकों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि मेडिकल बिल, सर्विस बुक, वेतन और अन्य प्रशासनिक कार्य समयबद्ध तरीके से होने चाहिए। यदि भविष्य में भ्रष्टाचार या अनावश्यक देरी की शिकायतें सामने आती हैं तो मामले को कलेक्टर स्तर तक ले जाकर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।