Edited By Vandana Khosla, Updated: 23 Sep, 2026 04:38 PM

मुरैनाः मध्यप्रदेश के मुरैना जिला जेल में बंद अपने भाई की बैरक बदलने और उसे दूसरी जेल भेजे जाने की आशंका को लेकर 60 हजार रुपये के इनामी दस्यु कल्ली गुर्जर द्वारा उप अधीक्षक सुनील शर्मा को कथित तौर पर फोन पर धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है...
मुरैनाः मध्यप्रदेश के मुरैना जिला जेल में बंद अपने भाई की बैरक बदलने और उसे दूसरी जेल भेजे जाने की आशंका को लेकर 60 हजार रुपये के इनामी दस्यु कल्ली गुर्जर द्वारा उप अधीक्षक सुनील शर्मा को कथित तौर पर फोन पर धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि फोन करने वाले ने जेलर को गाली-गलौज करते हुए धमकाया कि उसके भाई की बैरक बदली या उसे दूसरी जेल भेजा गया तो वह गोली मार देगा। मामले में जेलर की शिकायत और फोन कॉल की रिकॉर्डिंग के आधार पर मुरैना कोतवाली पुलिस ने कल्ली गुर्जर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जेलर सुनील शर्मा ने मुरैना कोतवाली में दी लिखित शिकायत में बताया कि मंगलवार को वह अपने कार्यालय में बैठे हुए थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम कल्ली गुर्जर बताया। उसने कहा कि उसका भाई जोगेंद्र पहले से जेल में बंद है और दूसरे भाई सचिन को भी जेल भेजा गया है। आरोप है कि इसके बाद कल्ली गुर्जर ने जेलर से अपने भाई जोगेंद्र की बैरक बदलने को लेकर दबाव बनाया और धमकी देने के साथ गाली-गलौज की। बातचीत के दौरान जेलर ने धमकी भरी कॉल को दूसरे मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह रिकॉर्डिंग पुलिस को उपलब्ध कराई गई।
कोतवाली थाना प्रभारी अमित सिंह भदौरिया के अनुसार, जेलर की लिखित शिकायत और उपलब्ध कराई गई कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर कल्ली गुर्जर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। बताया गया है कि कल्ली गुर्जर मुरैना, ग्वालियर और राजस्थान के धौलपुर क्षेत्र में हत्या के प्रयास, लूट सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है। वह वर्तमान में फरार बताया जा रहा है। उसके तीन भाई पहले से जेल में बंद हैं। जेलर को दी गई कथित धमकी की रिकॉर्डिंग और लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।