रात 2 बजे मेडिकल कॉलेज में आखिर ऐसा क्या हुआ कि BJP नेता पर दर्ज हो गई FIR? महिला डॉक्टर ने दिया बड़ा बयान

Edited By Himansh sharma, Updated: 03 Jul, 2026 05:04 PM

doctor nurses accuse bjp leader of misconduct

मध्य प्रदेश के सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) में महिला डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के साथ कथित अभद्रता का मामला तूल पकड़ गया है।

सागर: मध्य प्रदेश के सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) में महिला डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के साथ कथित अभद्रता का मामला तूल पकड़ गया है। भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े नेता अनिल श्रीवास्तव (पीपरा) पर महिला स्टाफ ने बैड टच, धमकी और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के विरोध में डॉक्टरों और नर्सिंग कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब दो बजे एक मरीज को इलाज के लिए बीएमसी लाया गया था। इसी दौरान मरीज के साथ आए लोगों और अस्पताल स्टाफ के बीच विवाद हो गया। महिला कर्मचारियों का आरोप है कि इलाज के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, विरोध करने पर धमकियां दी गईं और एक महिला कर्मचारी के साथ बैड टच भी किया गया। आरोप है कि अस्पताल से बाहर निकलने पर गोली मारने की धमकी भी दी गई।

घटना के बाद अस्पताल का माहौल तनावपूर्ण हो गया। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने काम रोककर मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया और कहा कि यदि अस्पताल में ही स्वास्थ्यकर्मी सुरक्षित नहीं हैं तो मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना भी मुश्किल हो जाएगा। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

इस बीच जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेशभर में कार्य बहिष्कार किया जाएगा। संगठन ने अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।

वहीं, भाजपा नेता अनिल श्रीवास्तव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि वे केवल एक मरीज का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे और समय पर इलाज की बात कही थी। उन्होंने दावा किया कि यदि वार्ड के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जाए तो पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।

उधर, पुलिस का कहना है कि महिला स्टाफ की शिकायत के आधार पर अनिल श्रीवास्तव और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ गोपालगंज थाने में छेड़छाड़ सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!