Edited By Desh Raj, Updated: 07 Jul, 2026 03:21 PM

शहडोल में 5 हजार रूपये की रिश्वत लेते संविदा मेडिकल ऑफिसर पकड़ा गया है। यह एक बड़ी कार्रवाई मानी जा रही थी। जानकारी सामने आई है कि ये डाक्टर 3 जगह नौकरी कर रहा था।
खरगोन (रामेश्वर बड़ोले): मध्य प्रदेेश से फर्जीवाड़े और अपराध का ऐसा मामला सामने आया है जो हिलाने वाला है। शहडोल में 5 हजार रूपये की रिश्वत लेते संविदा मेडिकल ऑफिसर पकड़ा गया था। यह एक बड़ी कार्रवाई मानी जा रही थी। अब खुलासा हुआ है कि ये डाक्टर 3 जगह नौकरी कर रहा था। डॉक्टर महेश शर्मा खरगोन के केली के पीएचसी में भी सेवाएं दे रहा था।
जानकारी के मुताबिक 3 जुलाई को रीवा लोकायुक्त की टीम ने शहडोल जिले के पीएचसी ऊफरी में पदस्थ संविदा मेडिकल ऑफिसर डॉ. महेश चंद शर्मा को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया था। खबर के सामने आने के बाद पता चला कि शहडोल के साथ ही खरगोन और श्योपुर में एक साथ नौकरी कर रहा था। ये संविदा डाक्टर खरगोन जिले के सेगांव ब्लाक के केली में पदस्थ था । इस जानकारी के सामने आने के बाद तीनों जिलों के स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
लोकायुक्त कार्रवाई की जानकारी सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से सामने आने के बाद पता चला कि डॉक्टर की पदस्थापना श्योपुर जिले के सहसराम पीएचसी में भी है। इसके बाद सोमवार को खरगोन स्वास्थ्य विभाग ने भी पुष्टि की कि यही डॉक्टर सेगांव ब्लॉक के केली शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में फरवरी 2023 से संविदा मेडिकल ऑफिसर के रूप में पदस्थ हैं। मामले में खरगोन सीएमएचओ ने पदस्थापना, उपस्थिति, वेतन भुगतान और अन्य सेवा संबंधी सभी दस्तावेजों के साथ विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के सेगांव बीएमओ को निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक फरवरी 2023 से सेगांव ब्लाक में महेश शर्मा पदस्थ है । लिहाजा सीएमएचओ डा. डीएस चौहान ने जांच के निर्देश दे दिए हैं। शासन के निर्देश पर अलग-अलग स्तर पर जांच शुरू हो गई है।