Edited By Desh sharma, Updated: 31 Jan, 2026 07:12 PM

इंदौर के भवरकुआ थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने जमकर उत्पात मचाया। नशे में धुत युवकों ने दूसरी गाड़ियों पर अपनी थार गाड़ी चढ़ा और लोगों की सांसें अटका दीं। इस मौके पर उनकी मारपीट भी हुई और सारी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई।
इंदौर (सचिन बहरानी): इंदौर के भवरकुआ थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने जमकर उत्पात मचाया। नशे में धुत युवकों ने दूसरी गाड़ियों पर अपनी थार गाड़ी चढ़ा और लोगों की सांसें अटका दीं। इस मौके पर उनकी मारपीट भी हुई और सारी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई।
आदित्य, राजवीर और नीतीश पर शराब नशे में गाड़ी चलाने का आरोप
जानकारी के अनुसार थार गाड़ी में सवार तीन युवक, आदित्य, राजवीर और नीतीश शराब के नशे में वाहन चला रहे थे। इसी दौरान उनकी लापरवाही से न केवल सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों की जान खतरे में पड़ी, बल्कि एक मल्टी में घुसकर पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देर रात तेज रफ्तार थार ने पहले एक कार को टक्कर मारी। जब कार चालक ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपी युवक और अधिक तेज गति से वाहन चलाते हुए पास ही स्थित एक मल्टी में घुस गए। थार गाड़ी ने मल्टी की पार्किंग में खड़ी कई कारों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कुछ गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलते ही भवरकुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही थार गाड़ी में सवार आदित्य मौके से फरार हो गया, जबकि अन्य दो आरोपी राजवीर और नीतीश को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने थार वाहन को जब्त कर लिया है और क्षतिग्रस्त वाहनों का पंचनामा तैयार किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी युवक शराब के नशे में थे और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहे थे। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं फरार आरोपी आदित्य की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है।