Edited By meena, Updated: 01 Dec, 2025 01:09 PM

मध्य प्रदेश के धार जिले में सोमवार सुबह 4 बजे किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। कर्ज माफी, गारंटीड MSP और अन्य मांगों को लेकर हजारों...
धार: मध्य प्रदेश के धार जिले में सोमवार सुबह 4 बजे किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। कर्ज माफी, गारंटीड MSP और अन्य मांगों को लेकर हजारों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ खलघाट में AB रोड पर उतर आए। मार्ग पर किसानों ने महाचक्काजाम लगा दिया, जिससे फोर-लेन का एक हिस्सा पूरी तरह बंद हो गया। ऐसे में हालातों को देखते हुए प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई।
पुलिस पर किसानों ने लगाया रास्ता रोकने का आरोप
प्रदर्शनकारी किसानों ने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें विरोध स्थल तक पहुंचने से रोक रही है। किसानों को रोके जाने के बाद हालात और अधिक तनावपूर्ण हो गए। भीड़ बढ़ने के साथ स्थिति बिगड़ती देख धामनोद के कई प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी गई।
धार-खरगोन-बड़वानी-खंडवा के किसान एकजुट
कृषि संगठनों के नेतृत्व में धार, खरगोन, बड़वानी और खंडवा के हजारों किसान इस विरोध में शामिल हैं। सड़क पर हजारों की भीड़ से ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है, और वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
ये हैं किसानों की मुख्य मांगें
किसानों ने सरकार के सामने कई बड़ी मांगें रखी हैं—
- फसलों के लिए गारंटीड MSP
- कर्ज माफी
- गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा
- दाल, कपास और प्याज़ के इंपोर्ट पर बैन
किसान नेताओं का कहना है कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।