Edited By meena, Updated: 03 Jun, 2025 11:28 AM

मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के रामचुआ गांव में एक सनकी आशिक ने युवती के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी है...
मैहर (प्रशांत शुक्ला) : मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के रामचुआ गांव में एक सनकी आशिक ने युवती के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी है। यहां देर रात पहुंचे बाइक सवार युवक ने महेंद्र सिंह को गोली मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जाता है आरोपियों के द्वारा की गई फायरिंग में महेंद्र सिंह के छाती पर गोली लगी है। देर रात पुलिस ने आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। घटना के साथ से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, महेंद्र सिंह की पुत्री रीवा में रहकर पढ़ाई करती थी। इसी दौरान इसकी दोस्ती ध्रुव कुमार नाम के युवक से हो गई। 2023 में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी, एक दूसरे से मेल मुलाकात होती रही। कभी-कभार आरोपी उसके गांव भी मिलने आता रहा लेकिन पिता ने इस रिश्ते का विरोध किया जिसका खामियाजा उसे बीती रात भुगतना पड़ा।
ध्रुव कुमार मृतक महेंद्र सिंह बेटी से विवाह करना चाहता था, लेकिन महेंद्र सिंह को यह रिश्ता बिल्कुल पसंद नहीं था। लिहाजा उन्होंने कई बार ध्रुव कुमार को मना किया, फिर भी वह लड़की का पीछा नहीं छोड़ रहा था। बार-बार परेशान करने पर गुस्से में आकर महेंद्र सिंह ने ध्रुव कुमार की पिछले दिनों पिटाई कर दी थी जिससे वह उनसे रंजिश मानकर मौके की तलाश कर रहा था, ताकि वह रास्ते से हटा सके। बीती रात वह अपने दोस्त के साथ बाइक पर पहुंचा और सीने में गोली मार दी।

पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल ने बताया कि मैहर जिले के रामनगर थाना अंतर्गत रात में 9 से 9.30 बजे की बात है। मृतक खेत में बने घर के बाहर लेटा हुआ था। एक व्यक्ति मोटर साइकिल से वहां आया किसी बात को लेकर दोनों का विवाद हुआ जिसके बाद उसने कट्टे से फायर कर सीने में गोली मारी जब इसकी सूचना मिली तत्काल थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे घेरा बंदी और पतारसी भी की गई लेकिन उस समय आरोपी नहीं मिल पाया। फिलहाल उसकी तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी को पकड़ कर उसके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। मृतक के परिजनों द्वारा बताया गया है कि आरोपी मृतक की पुत्री के साथ विवाह करना चाहता था जिसको लेकर दोनों के बीच मतभेद था।