Edited By Himansh sharma, Updated: 05 Jul, 2026 01:01 PM

मध्य प्रदेश के हरदा जिले में कृषि उपज मंडी में पदस्थ एक भृत्य ने कथित तौर पर ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली।
हरदा (राकेश खरका): मध्य प्रदेश के हरदा जिले में कृषि उपज मंडी में पदस्थ एक भृत्य ने कथित तौर पर ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले बनाया गया उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हरदा जिले के छीपाबड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत कृषि उपज मंडी, खिरकिया में पदस्थ 21 वर्षीय भृत्य अंकित, पिता धीरज, ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने एक वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक अपनी पत्नी, मामी और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों का नाम लेते हुए आरोप लगा रहा है कि वह उनकी प्रताड़ना से परेशान होकर सल्फास की गोली खा रहा है।
घटना के बाद शाम करीब 5:30 बजे युवक को गंभीर हालत में खिरकिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल हरदा रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक का विवाह टिमरनी में हुआ था। वह कृषि उपज मंडी, खिरकिया में अनुकंपा नियुक्ति के तहत पिछले चार वर्षों से भृत्य के पद पर कार्यरत था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।