Edited By Himansh sharma, Updated: 05 Mar, 2026 10:57 AM

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी Indore से एक दर्दनाक मामला सामने आया है।
इंदौर। (सचिन बहरानी): मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी Indore से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। चंदन नगर इलाके में एक युवक ने पाँचवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि युवक बीमारी से परेशान था और देर रात बिल्डिंग के नीचे टहल रहा था। इसी दौरान मौके पर पहुंचे एक पुलिसकर्मी ने उसे थप्पड़ मार दिया। बताया जा रहा है कि इसी से घबराकर युवक ऊपर गया और पाँचवीं मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पूरा मामला Chandan Nagar थाना क्षेत्र के टॉप टिप परिसर का है। जानकारी के अनुसार बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे राज, पिता मनोज, जो मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है, बिल्डिंग के नीचे टहल रहा था। उसे सांस लेने में तकलीफ की बीमारी थी और गर्मी के कारण वह देर रात नीचे घूम रहा था।
इसी दौरान हाउसिंग परिसर के गार्ड ने उसे टोका। उसी समय वहां पुलिस की गाड़ी भी पहुंची। परिजनों का आरोप है कि एक पुलिसकर्मी ने राज को थप्पड़ मार दिया। इससे वह काफी डर गया और बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल पर पहुंच गया।
परिजनों के मुताबिक राज मानसिक रूप से कमजोर था और उसका इलाज भी चल रहा था। उसकी बहन ने बताया कि पुलिसकर्मियों से बातचीत के दौरान वह घबरा गया था। उसने पुलिस से माफी भी मांगी थी, लेकिन उसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने उसे थप्पड़ मार दिया।
इसके बाद वह घर पहुंचा और काफी घबराया हुआ था। देर रात करीब 3 बजे वह फिर बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल पर पहुंचा और परिजनों के सामने ही छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।