Edited By Himansh sharma, Updated: 04 Jul, 2026 01:51 PM

मध्य प्रदेश के खंडवा नगर निगम की एक कार्रवाई के बाद शहर में विवाद खड़ा हो गया है।
खंडवा (मुश्ताक मंसूरी): मध्य प्रदेश के खंडवा नगर निगम की एक कार्रवाई के बाद शहर में विवाद खड़ा हो गया है। वीआईपी रोड स्थित बड़गांव भीला रोड के पास नाले पर बनी पुलिया और उसके एप्रोच मार्ग को तोड़े जाने के बाद वार्ड पार्षद और स्थानीय रहवासी नाराज हो गए। इस दौरान पार्षद का अधिकारियों से बहस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
'हम नमाज पढ़ने गए थे, तब तक पुलिया तोड़ दी'
मामला शहर के खानशाहवली वार्ड का है। यहां नाले के पास मुस्लिम बहुल क्षेत्र है। स्थानीय रहवासियों ने बच्चों के स्कूल आने-जाने और सिहाड़ा-मूंदी रोड से आवागमन की सुविधा के लिए नाले पर पुलिया और एप्रोच मार्ग बना लिया था। शुक्रवार को नगर निगम के अमले ने इसे अवैध निर्माण बताते हुए तोड़ दिया।
कार्रवाई के बाद खानशाहवली वार्ड के पार्षद शब्बीर कादरी मौके पर पहुंचे और नगर निगम अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वे कहते सुनाई दे रहे हैं, "हम नमाज पढ़ने गए थे, इसलिए पुलिया तोड़ दी। तुम्हारी हिम्मत नहीं थी कि हमारे सामने इसे तोड़ देते।"
हिन्दू जागरण मंच ने की कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद हिन्दू जागरण मंच के माधव झा ने भी एक वीडियो जारी कर पार्षद शब्बीर कादरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रहवासियों ने जताई नाराजगी
पुलिया टूटने के बाद क्षेत्र के रहवासियों ने भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि इसी रास्ते से बच्चे स्कूल जाते थे और लोग बाजार तक आवागमन करते थे। पुलिया टूटने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम का पक्ष
नगर निगम का कहना है कि नाले पर अवैध निर्माण किए जाने के कारण नियमानुसार कार्रवाई की गई है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर शहर में चर्चाएं तेज हैं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।