Edited By Himansh sharma, Updated: 28 Jun, 2026 12:39 PM

अयोध्या स्थित राम मंदिर के दानपात्र से हुई चोरी को लेकर पहली बार बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने खुलकर प्रतिक्रिया दी।
छतरपुर। अयोध्या स्थित राम मंदिर के दानपात्र से हुई चोरी को लेकर पहली बार बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने खुलकर प्रतिक्रिया दी। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में कथा के दौरान उन्होंने इस घटना को केवल धन की चोरी नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर हमला बताया। भावुक अंदाज में उन्होंने कहा कि इस महापाप के दोषियों को भगवान का महादंड अवश्य मिलेगा।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि "रावण ने माता जानकी का हरण किया था, लेकिन राम मंदिर के दानपात्र से हुई चोरी में करोड़ों लोगों की श्रद्धा और विश्वास को लूटा गया है। रावण आज भी मौजूद है, बस उसका स्वरूप बदल गया है। उनके इस बयान ने कथा स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं को भी भावुक कर दिया।
उन्होंने कहा कि घटना के बाद कई लोगों ने सवाल उठाए कि उन्होंने अब तक इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं दी। इस पर शास्त्री ने कहा, लोग कहते रहे कि बागेश्वर धाम वाले बाबा चुप क्यों हैं, लेकिन हमारे दिल से पूछिए कि हम पर क्या बीती। कुछ बोलो तो लोग सवाल करते हैं, और चुप रहो तो भी सवाल करते हैं।
अपने संबोधन के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने हल्के व्यंग्य के साथ कहा कि अब लोग यह भी कहेंगे कि बयान तो दे दिया, लेकिन 'पर्ची' खोलकर दोषियों का नाम क्यों नहीं बताया। उन्होंने कहा, अगर हमने नाम बता दिया तो लोग हमें ही निपटा देंगे। आज नहीं तो कल निपटा देंगे। इसलिए कई बार चुप रहना ही बेहतर लगता है, लेकिन तब भी लोग कहते हैं कि बाबा गूंगे हो गए।
उनके इस बयान के बाद 'हमें निपटा देंगे' वाली टिप्पणी को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि उन्होंने किसी व्यक्ति, संगठन या समूह का नाम नहीं लिया और न ही यह स्पष्ट किया कि उनका इशारा किस ओर था। गौरतलब है कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों इंडोनेशिया के जकार्ता में धार्मिक कथा कर रहे हैं। वहीं, अयोध्या के राम मंदिर दानपात्र चोरी मामले की जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा जारी है।