मंडप में शराबी दूल्हे की हरकतें देख दुल्हन ने तोड़ी शादी, बैरंग लौटी बारात

Edited By meena, Updated: 25 Jun, 2026 08:44 PM

bride calls off wedding after seeing drunken groom s antics at the mandap weddi

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के एक गांव में विवाह समारोह के दौरान दूल्हे को बुरी तरह नशे में धुत पाकर युवती ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि जिले के चांपा पुलिस थाना...

जांजगीर चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के एक गांव में विवाह समारोह के दौरान दूल्हे को बुरी तरह नशे में धुत पाकर युवती ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि जिले के चांपा पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसमंदा गांव निवासी दुल्हन मुस्कान प्रधान (22) को नशे के खिलाफ आवाज उठाने के लिए बृहस्पतिवार को जांजगीर शहर में जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय कुमार पांडेय ने अपने कार्यालय में सम्मानित किया।

उन्होंने बताया कि मुस्कान की शादी 23 जून को खोखरा गांव के रहने वाले संत राम (24) से होनी थी। उन्होंने बताया कि बारात शाम करीब चार बजे कोसमंदा गांव पहुंची और उसके तुरंत बाद शादी की रस्में शुरू हो गईं। उन्होंने बताया कि दुल्हा कथित तौर पर इतना नशे में था कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि उसकी हालत के बारे में पता चलने पर मुस्कान ने शादी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि दुल्हन के इस फैसले के बाद दोनों परिवारों के सदस्यों और शादी में आए मेहमानों के बीच तनाव बढ़ गया। उन्होंने बताया कि स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को सूचना दी गई और चांपा पुलिस थाने के प्रभारी अशोक वैष्णव के नेतृत्व में एक दल को गांव भेजा गया।

अधिकारियों के अनुसार मुस्कान ने पुलिस को बताया कि सगाई के दौरान भी दूल्हा नशे में आया था, जिसके बाद उसने उसे शराब पीने से मना किया था, तब दूल्हे ने वादा किया था कि वह शराब पीना छोड़ देगा। थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने बताया कि जब दोनों पक्षों के परिवार के बड़े-बुजुर्ग इस मुद्दे पर बातचीत कर रहे थे, तभी बारात के साथ आए कुछ युवकों और दुल्हन पक्ष के लोगों के बीच हाथापाई हो गई।

अधिकारी ने बताया कि कुछ लोगों को मामूली चोटें आई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्यों के अनुसार, दूल्हे का परिवार शादी की तैयारियों में हुए खर्च के बदले दुल्हन के परिवार को लगभग तीन लाख रुपये देने पर सहमत हो गया है।

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को एसपी विजय पांडेय ने समाजसेवियों और महिला प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मुस्कान को सम्मानित किया। इस घटना की गांव और आसपास के इलाकों में काफी चर्चा हो रही है। कई निवासी युवती के फैसले की तारीफ कर रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि यह घटना शराब के नशे के खिलाफ एक कड़ा संदेश देती है और शादी में जिम्मेदारी, सम्मान और अच्छे व्यवहार के महत्व को उजागर करती है। कई स्थानीय लोगों ने मुस्कान के फैसले को उन परिवारों के लिए प्रेरणा बताया जो अक्सर शादी-ब्याह के समय नशे की लत और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार को नजरअंदाज कर देते हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!