Edited By Desh Raj, Updated: 20 Jun, 2026 10:41 PM

छतरपुर जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बौड़ा में दलित दूल्हे की घोड़ी चढ़ाई को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। गांव के कुछ लोगों ने दूल्हे के घोड़े पर बैठकर गांव में राछ निकालने का विरोध किया और कथित तौर पर धमकी भी दी।
छतरपुर (राजेश चौरसिया): छतरपुर जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बौड़ा में दलित दूल्हे की घोड़ी चढ़ाई को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। गांव के कुछ लोगों ने दूल्हे के घोड़े पर बैठकर गांव में राछ निकालने का विरोध किया और कथित तौर पर धमकी भी दी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था के बीच राछ संपन्न कराई गई। इसके बाद बारात भी शांतिपूर्वक रवाना हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम बौड़ा निवासी उमराव अहिरवार के पुत्र अजय अहिरवार की शादी थी। बारात रवाना होने से पहले गांव में परंपरागत राछ निकाली जा रही थी। इसी दौरान दूल्हे को घोड़े पर बैठा देखकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया तथा दूल्हे को गांव में घोड़े पर घूमने से रोकने का प्रयास किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ईशानगर थाना पुलिस तत्काल गांव पहुंची। पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया और दूल्हे अजय अहिरवार को विधिवत घोड़े पर बैठाकर गांव में राछ निकाली गई। पुलिस सुरक्षा के बीच पूरी रस्म शांतिपूर्वक संपन्न हुई और बाद में बारात भी अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।
घोड़े वाले को भी हड़काने की बात आई सामने..
ईशानगर थाना पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम सूचना मिली थी कि गांव के कुछ ठाकुर और ब्राह्मण समाज के लोगों को घोड़े पर राछ निकालने पर आपत्ति थी। बताया गया कि घोड़े वाले को भी हड़काया गया था। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही आपत्ति जताने वाले लोग वहां से चले गए। इसके बाद किसी प्रकार का विरोध सामने नहीं आया और कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
एसपी बोले- आवेदन मिलने पर दिए थे निर्देश..
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में एक आवेदन प्राप्त हुआ था। आवेदन के आधार पर ईशानगर पुलिस को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में राछ निकाली गई। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और न ही किसी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।