Edited By Himansh sharma, Updated: 14 Feb, 2026 01:38 PM

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से सामने आया यह वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से सामने आया यह वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। एक शादी समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के जाने के बाद वहां मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं का जो नजारा देखने को मिला, उसने सभी को हैरान कर दिया।
दरअसल, शिवपुरी शहर के एक होटल में आयोजित विवाह समारोह में सिंधिया के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। वीआईपी टेबल पर उनके लिए काजू-बादाम समेत महंगे ड्राई फ्रूट्स की सजी हुई प्लेटें रखी गई थीं। जब तक सिंधिया कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे, तब तक नेता अनुशासन में खड़े नजर आए और सभी औपचारिकताएं निभाते रहे।
लेकिन जैसे ही केंद्रीय मंत्री कार्यक्रम से विदा होकर आगे बढ़े, वहां मौजूद नेताओं और समर्थकों में अचानक ड्राई फ्रूट्स लेने की होड़ मच गई। कोई प्लेट उठाकर काजू-बादाम मुट्ठी में भरता दिखा, तो कोई जेबों में डालते नजर आया। कुछ ही सेकेंड में वीआईपी टेबल खाली हो गई।
इस पूरे घटनाक्रम को किसी व्यक्ति ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोग नेताओं की इस हरकत पर जमकर तंज कस रहे हैं।
कई यूजर्स इसे ‘वीआईपी कल्चर की असलियत’ बता रहे हैं, तो कुछ इसे शर्मनाक हरकत करार दे रहे हैं।