Edited By Vandana Khosla, Updated: 13 Jul, 2026 01:15 PM

डबरा/दतियाः दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच भाजपा का एक प्रचार बैनर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। यह बैनर भितरवार विधायक मोहन सिंह राठौर के कार्यक्रम से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें उनके 13 जुलाई को दतिया पहुंचकर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष...
डबरा/दतियाः दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच भाजपा का एक प्रचार बैनर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। यह बैनर भितरवार विधायक मोहन सिंह राठौर के कार्यक्रम से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें उनके 13 जुलाई को दतिया पहुंचकर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन में शामिल होने और सभा में भाग लेने का उल्लेख है। बता दें कि यह विधायक सिंधिया समर्थक हैं। वहीं, विधायक के पोस्टर से नरोत्तम के गायब होने पर समर्थकों में खासा रोष देखने को मिला है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस बैनर में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का फोटो नहीं होने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा शुरू हो गई है। वहीं, भाजपा कार्यकर्ता हरबंस शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बैनर साझा करते हुए लिखा कि, "इस बैनर में हमारे नेता आदरणीय डॉ. नरोत्तम मिश्रा जी की फोटो तक नहीं है और ये हम लोगों से उम्मीद करते हैं कि हम इन लोगों का चुनाव में साथ दें। कृपया सभी साथी किसी का भी साथ देने से पहले एक बार इस बैनर को जरूर देखें।"

हरबंस शर्मा की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बैनर को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। कुछ लोग इसे सामान्य डिज़ाइन बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे राजनीतिक संकेत के रूप में देख रहे हैं।
हालांकि, भाजपा संगठन या भितरवार विधायक मोहन सिंह राठौर की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि बैनर किस स्तर पर तैयार किया गया और उसमें डॉ. नरोत्तम मिश्रा का फोटो शामिल न होने का कारण क्या है। फिलहाल यह बैनर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और इस पर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।