Edited By Himansh sharma, Updated: 08 Apr, 2026 12:06 PM

एलपीजी गैस संकट के बीच जिला प्रशासन ने छात्रों को बड़ी राहत देते हुए अहम निर्णय लिया है।
रायपुर। एलपीजी गैस संकट के बीच जिला प्रशासन ने छात्रों को बड़ी राहत देते हुए अहम निर्णय लिया है। अब जिले में रहकर पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को 5 किलो का छोटा गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों में दिक्कत न हो।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने गैस आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में जिले के सभी एलपीजी वितरकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि विद्यार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर छोटे सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं।
अपर कलेक्टर राठौर ने बताया कि छात्रों को 5 किलो सिलेंडर गैस एजेंसियों द्वारा आधार कार्ड और निवास प्रमाण पत्र के आधार पर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में फिलहाल एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार वितरण किया जा रहा है।
प्रशासन ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति वितरण प्रक्रिया में बाधा डालता है या डिलीवरी कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि अस्पतालों, जैसे एम्स और मेकाहारा, के साथ-साथ वृद्धाश्रम, अनाथालय और अन्य सामाजिक संस्थानों में गैस की आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए।
ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि वर्तमान में शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल के बाद ही अगली बुकिंग की जा सकेगी। साथ ही नए गैस कनेक्शन और सिंगल-डबल कनेक्शन पर फिलहाल रोक लगाई गई है।
इस बीच इंडेन डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, जिले में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने लोगों से एजेंसियों में अनावश्यक भीड़ न लगाने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। बैठक में खाद्य नियंत्रक भूपेन्द्र मिश्रा, खाद्य निरीक्षक और जिले के सभी एलपीजी वितरक मौजूद रहे।