Edited By Himansh sharma, Updated: 14 Aug, 2026 05:19 PM

महू में कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद पार्टी के भीतर नाराजगी खुलकर सामने आ गई है।
इंदौर। (सचिन बहरानी): महू में कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद पार्टी के भीतर नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। नई नियुक्तियों से असंतुष्ट पूर्व पदाधिकारियों, युवा कांग्रेस और वार्ड स्तर के कई नेताओं ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष को अपने इस्तीफे सौंप दिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस्तीफों के बाद अब बीजेपी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है।
बीजेपी ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्रवण चावड़ा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में कार्यकर्ता लगातार निराश हो रहे हैं और पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि महू में करीब 100 से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस्तीफे दिए हैं और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के पुतला दहन की भी तैयारी है।
श्रवण चावड़ा ने कांग्रेस की संगठनात्मक नियुक्तियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि महू में अमित अग्रवाल को ब्लॉक अध्यक्ष बनाए जाने से कई कार्यकर्ता नाराज हैं। उन्होंने कांग्रेस के ‘सृजन अभियान’ पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का सृजन अभियान अब विसर्जन की ओर बढ़ रहा है।

बीजेपी जिला अध्यक्ष ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर लगातार विवाद और असंतोष सामने आ रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि 14 अगस्त को ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी से अलग होने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के कार्यकर्ता राष्ट्रवाद की विचारधारा से प्रभावित होकर बीजेपी में शामिल होना चाहते हैं, तो बीजेपी उनका स्वागत करेगी। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नए सदस्य को पार्टी में शामिल करने का निर्णय संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों से चर्चा के बाद लिया जाएगा।