स्कूल में बड़ा हादसा: प्रार्थना के दौरान चक्कर खाकर गिरे बच्चे, रतनजोत फल खाने से 17 बीमार

Edited By meena, Updated: 06 Jan, 2026 03:34 PM

major incident at school children fainted and collapsed during morning prayers

खैरागढ़ जिले के करमतरा स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में मंगलवार सुबह उस समय अफरा तफरी मच गई जब प्रार्थना सभा के दौरान अचानक बच्चे एक एक कर चक्कर खाकर जमीन पर गिरने लगे...

खैरागढ़ (हेमंत पाल) : खैरागढ़ जिले के करमतरा स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में मंगलवार सुबह उस समय अफरा तफरी मच गई जब प्रार्थना सभा के दौरान अचानक बच्चे एक एक कर चक्कर खाकर जमीन पर गिरने लगे। कुछ ही पलों में स्कूल परिसर में डर और चीख पुकार का माहौल बन गया। शिक्षक और अन्य बच्चे घबरा गए और तत्काल बच्चों को संभालने में जुट गए।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि स्कूल खुलने से पहले रोज की तरह बच्चे समय से पहले स्कूल परिसर में पहुंच गए थे। इसी दौरान बच्चों ने स्कूल के आसपास लगे रतनजोत के पौधे का फल खा लिया। रतनजोत का फल जहरीला होता है जिसकी जानकारी बच्चों को नहीं थी। जैसे ही प्रार्थना शुरू हुई वैसे ही बच्चों को चक्कर आना शुरू हो गया और कुछ बच्चे बेहोश होकर गिर पड़े।

PunjabKesari

देखते ही देखते करीब 16 से 17 बच्चे बीमार हो गए। स्कूल प्रबंधन द्वारा तत्काल सभी बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा लाया गया जहां डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार चार बच्चों पर जहरीले फल का असर ज्यादा देखा गया है जबकि बाकी बच्चों की हालत फिलहाल सामान्य और स्थिर बनी हुई है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एक बच्चे की हालत ज्यादा खराब होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए खैरागढ़ रेफर किया जा रहा है। अन्य बच्चों को निगरानी में रखा गया है और लगातार स्वास्थ्य जांच की जा रही है।

घटना की खबर फैलते ही पूरे करमतरा गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में पालक और ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। अस्पताल परिसर में डरे सहमे बच्चे और चिंतित माता पिता का जमावड़ा लग गया। कई पालकों की आंखों में डर साफ दिखाई दे रहा था और बच्चे भी काफी भयभीत नजर आए।

PunjabKesari

इस गंभीर घटना को लेकर जब जिला शिक्षा अधिकारी लाल जी द्विवेदी से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी और मीडिया के माध्यम से उन्हें इस मामले का पता चला है। उन्होंने कहा कि वे पूरे मामले की जानकारी ले रहे हैं।सबसे चिंताजनक बात यह है कि स्कूली बच्चे अस्पताल पहुंच चुके हैं गांव में तनाव और भय का माहौल है लेकिन जिले के जिम्मेदार शिक्षा अधिकारी को घटना की जानकारी नहीं होना शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। यह स्थिति स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की गंभीर कमी को उजागर करती है।

PunjabKesari

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल परिसर और आसपास लंबे समय से रतनजोत जैसे जहरीले पौधे लगे हुए हैं लेकिन इन्हें हटाने या बच्चों को इसके खतरे से अवगत कराने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों और पालकों ने मांग की है कि स्कूल परिसर की तत्काल जांच कराई जाए और जहरीले पौधों को तुरंत हटाया जाए।फिलहाल स्वास्थ्य विभाग बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं प्रशासन से भी इस मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की जा रही है। पूरा मामला खैरागढ़ जिले के करमतरा शासकीय प्राथमिक स्कूल का है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!