Edited By Vandana Khosla, Updated: 05 Jun, 2026 01:21 PM

इंदौरः मध्यप्रदेश के इंदौर में से भीषण आग की घटना की खबर सामने आई है। जहां तीन मंजिला भवन के भू-तल पर स्थित इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के एक शोरूम में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। भवन की ऊपरी मंजिलों पर फंसे करीब 20 लोगों को पड़ोसियों, पुलिस और अग्निशमन...
इंदौरः मध्यप्रदेश के इंदौर में से भीषण आग की घटना की खबर सामने आई है। जहां तीन मंजिला भवन के भू-तल पर स्थित इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के एक शोरूम में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। भवन की ऊपरी मंजिलों पर फंसे करीब 20 लोगों को पड़ोसियों, पुलिस और अग्निशमन विभाग की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, लसूड़िया थाना क्षेत्र में ईवी शोरूम और उससे जुड़े मरम्मत केंद्र में उस वक्त आग लगी, जब यह प्रतिष्ठान बंद था। चश्मदीदों ने बताया कि शोरूम के बगल में बनीं सीढ़ियां भी आग और धुएं की जद में आ गईं जिससे ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग नीचे नहीं उतर पा रहे थे। चीख-पुकार सुनकर पड़ोस की एक बहुमंजिला इमारत के निवासी सहायता के लिए आगे आए। उन्होंने आग में फंसे लोगों को छत पर पहुंचने के लिए कहा, फिर दोनों इमारतों के बीच सीढ़ियां जोड़कर अस्थायी रास्ता तैयार किया गया।
सूत्रों की मानें तो कुछ लोग सीढ़ियों के सहारे पड़ोस के भवन की छत तक पहुंचे, जबकि कुछ व्यक्तियों को रस्सियों की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा गया। अग्निशमन विभाग के उप निरीक्षक बलजीत हुड्डा ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। हुड्डा ने इसका खुलासा नहीं किया कि ईवी शोरूम-सह-मरम्मत केंद्र किस कंपनी का था। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण और नुकसान के सटीक आकलन के लिए जांच की जा रही है।