Edited By meena, Updated: 02 Jun, 2026 02:39 PM

मध्य प्रदेश की दतिया सीट को लेकर पिछले कई दिनों से उपचुनाव को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी, लेकिन चुनाव आयोग द्वारा जारी की गई नोटिफिकेशन के साथ ही...
दतिया : मध्य प्रदेश की दतिया सीट को लेकर पिछले कई दिनों से उपचुनाव को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी, लेकिन चुनाव आयोग द्वारा जारी की गई नोटिफिकेशन के साथ ही फिलहाल इन अटकलों पर विराम लग गया है। चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, फिलहाल दतिया में उपचुनाव नहीं होगा। दरअसल चुनाव आयोग ने राज्यसभा और विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। लेकिन इस सूची में मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव का जिक्र नहीं है। इधर दतिया उपचुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा के लिए ये एक बड़ा झटका माना जा सकता है।

बता दें कि अप्रैल 2026 में कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द होने के कारण यह सीट खाली हो गई थी और उन्हें धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में 3 साल की सजा सुनाई गई थी। अयोग्य घोषित किए गए विधायक राजेंद्र भारती ने अपनी सजा और सदस्यता रद्द होने के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। अब न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 14 जुलाई 2026 की तारीख निर्धारित की है। क्योंकि राजेंद्ग भारती की विधायकी को लेकर केस फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन हैं और इस मामले पर अभी अंतिम फैसला नहीं आया है, जिससे स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसलिए राजनीतिक विशेषज्ञों के मुताबिक, चुनाव आयोग ने कानूनी और प्रशासनिक कारणों के चलते दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव को फिलहाल टाल दिया है और इस सीट पर तत्काल उपचुनाव की घोषणा नहीं करने का फैसला किया है।

कांग्रेस को कोर्ट से राहत मिलने की उम्मीद
दतिया उपचुनाव को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने शुरु से ही कोर्ट के फैसले पर भरोसा जताया है। हालांकि 26 मई को दिल्ली हाई कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई में राजेंद्र भारती की तरफ से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल न्यायालय में देरी से पहुंचे थे, इससे उनकी फाइल समय पर सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं हो सकी, जिसके चलते मामले में सुनवाई टाल दी गई। अब 14 जुलाई 2026 की तारीख निर्धारित की है। इसके बाद ही दतिया सीट और राजेंद्र भारती का राजनीतिक भविष्य तय होगा।