Edited By Himansh sharma, Updated: 27 Jun, 2026 02:24 PM

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था।
मुरैना। (रोहित शर्मा): मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से शनिवार को एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। माताबसैया थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से गांव में मातम और सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय बलराम ने कथित तौर पर पहले अपनी 28 वर्षीय पत्नी रविता और दो मासूम बेटों - 10 वर्षीय आरव व 7 वर्षीय अतुल की हत्या कर दी। इसके बाद वह रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल ही में आयोजित एक भागवत कथा कार्यक्रम में पत्नी के नृत्य को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। वहीं कुछ लोगों का दावा है कि पति को पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके कारण अक्सर दोनों के बीच झगड़े होते थे। हालांकि पुलिस ने इन दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि रविता दो दिन पहले ही अपने मायके से वापस ससुराल लौटी थीं। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि परिवार के भीतर चल रहा तनाव इतनी भयावह घटना का रूप ले लेगा।
घटना की सूचना मिलते ही माताबसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या और आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही किया जाएगा। फिलहाल इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।