Edited By Vikas Tiwari, Updated: 14 Apr, 2026 03:34 PM

मध्यप्रदेश में महिलाओं की राजनीतिक सहभागिता और लोकतांत्रिक अधिकारों को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा 10 से 25 अप्रैल तक ‘नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी...
भोपाल: मध्यप्रदेश में महिलाओं की राजनीतिक सहभागिता और लोकतांत्रिक अधिकारों को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा 10 से 25 अप्रैल तक ‘नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ की भावना को धरातल पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस क्रम में 15 अप्रैल को शाम 4 बजे भोपाल के रवीन्द्र भवन में राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें ‘महिला नेतृत्व की यात्रा’ विषय पर विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम में शामिल होकर महिलाओं की शासन व्यवस्था और नीति-निर्माण में भागीदारी बढ़ाने पर विचार रखेंगे और प्रदेश की महिलाओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके, राज्यमंत्री कृष्णा गौर, प्रतिभा बागरी और राधा सिंह सहित कई प्रमुख महिला हस्तियां शामिल होंगी। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं जैसे पद्मश्री सम्मानित, डॉक्टर, वकील, कलाकार, इंजीनियर और स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं भी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगी।
पखवाड़े के दौरान प्रदेशभर में जन-जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं, ‘नारी शक्ति पदयात्रा’ और शिक्षण संस्थानों में ‘युवा संवाद’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और युवाओं को जोड़ा जा रहा है। सरकार का मानना है कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से सामाजिक जागरूकता और लोकतंत्र दोनों मजबूत होंगे।