Edited By Himansh sharma, Updated: 24 Apr, 2026 04:20 PM

मध्यप्रदेश में निगम-मंडलों और आयोगों में राजनीतिक नियुक्तियों का सिलसिला अब गति पकड़ने लगा है।
भोपाल: मध्यप्रदेश में निगम-मंडलों और आयोगों में राजनीतिक नियुक्तियों का सिलसिला अब गति पकड़ने लगा है। हाल ही में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण आयोगों में अध्यक्ष पद पर नियुक्तियां करते हुए नई प्रशासनिक दिशा का संकेत दिया है। पूर्व विधायक कैलाश जाटव को अनुसूचित जाति आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि अनुसूचित जनजाति आयोग की जिम्मेदारी पूर्व विधायक रामलाल रौतेल को सौंपी गई है।
इन नियुक्तियों के बाद दोनों आयोगों में नेतृत्व परिवर्तन स्पष्ट हो गया है। माना जा रहा है कि इन फैसलों से सामाजिक न्याय से जुड़े मामलों की सुनवाई और नीतिगत कार्यों में तेजी आएगी। वहीं, संगठनात्मक स्तर पर भी इन नियुक्तियों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
इसी बीच सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अब दूसरी सूची पर भी तेजी से काम चल रहा है। बताया जा रहा है कि जल्द ही जारी होने वाली इस दूसरी सूची में करीब 6 नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं। हालांकि सूची को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पार्टी के भीतर इसको लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
दूसरी सूची का इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं की नजरें अब आने वाले फैसले पर टिकी हुई हैं। संभावना जताई जा रही है कि आगामी दिनों में यह सूची जारी कर संगठनात्मक स्तर पर कई अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं।