Edited By meena, Updated: 24 Mar, 2026 02:56 PM

मध्य प्रदेश के अशोकनगर में सोमवार को एक शाही अंदाज में सियासत और खेल का संगम देखने को मिला, जब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सुपुत्र महाआर्यमन सिंधिया अपने एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे...
अशोकनगर: मध्य प्रदेश के अशोकनगर में सोमवार को एक शाही अंदाज में सियासत और खेल का संगम देखने को मिला, जब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सुपुत्र महाआर्यमन सिंधिया अपने एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला दौरा था, जिसे समर्थकों ने उत्सव में बदल दिया।
शादी के सवाल पर दिलचस्प जवाब
मुंगावली में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान जब पत्रकारों ने उनकी शादी को लेकर सवाल किया, तो महाआर्यमन पहले हंस पड़े और फिर हल्की शर्म के साथ बोले—“आप देखते जाइए, इस पर काम चल रहा है।” उनके इस बयान के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया जल्द ही बेटे की शादी को लेकर बड़ा फैसला कर सकते हैं।
मैदान में भी दिखाया दम
संजय स्टेडियम में स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की स्मृति में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में महाआर्यमन का भव्य स्वागत हुआ। रेड कारपेट, लाइटिंग और आतिशबाजी के बीच उन्होंने खुद बल्ला थामा और चौके-छक्के लगाकर दर्शकों का दिल जीत लिया।
मुंगावली में रोड शो
इससे पहले मुंगावली में उन्होंने भव्य रोड शो किया। जगह-जगह स्वागत मंच लगाए गए और समर्थकों ने फूलों की बारिश कर उनका अभिनंदन किया।
भविष्य की राजनीति के संकेत
महाआर्यमन सिंधिया की बढ़ती सक्रियता को केवल खेल तक सीमित नहीं देखा जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इसे उनके भविष्य के बड़े रोल की तैयारी के तौर पर भी देखा जा रहा है। कुल मिलाकर, यह दौरा न सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम रहा, बल्कि इसमें शाही परंपरा, युवा ऊर्जा और संभावित राजनीतिक संकेतों की झलक भी साफ दिखाई दी।