Edited By Himansh sharma, Updated: 19 Jun, 2026 06:01 PM

डोंगरगढ़ शहर में एक ही दिन में डॉग बाइट के तीन मामले सामने आने से लोगों में दहशत का माहौल है।
डोंगरगढ़ राजनांदगांव (हेमंत पाल): डोंगरगढ़ शहर में एक ही दिन में डॉग बाइट के तीन मामले सामने आने से लोगों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, एक भूरे रंग के आवारा कुत्ते ने सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच महज एक घंटे के भीतर तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में दो नाबालिग और एक 19 वर्षीय युवक शामिल हैं।
डोंगरगढ़ के नाका पारा क्षेत्र में हुईं घटना
यह घटना शहर के नाकापारा क्षेत्र के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय इलाके में घूम रहे एक भूरे रंग के कुत्ते ने अचानक राहगीरों पर हमला करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते उसने दो बच्चों और एक युवक को काट लिया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया..
घटना के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें एंटी-रेबीज इंजेक्शन सहित आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
कुत्ते के काटने से लोगों में खौफ
एक घंटे के भीतर तीन लोगों के घायल होने की घटना ने स्थानीय नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
नगर के प्रशासन से कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर पालिका और संबंधित विभाग से आवारा कुत्तों को पकड़ने तथा उनकी संख्या नियंत्रित करने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो ऐसी घटनाएं आगे भी हो सकती हैं।