Edited By meena, Updated: 01 Sep, 2025 07:46 PM

भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार के नेतृत्व में कार्यकर्ता सांकेतिक रूप से राहुल गांधी की अर्थी पत्रकार कॉलोनी स्थित कांग्रेस कार्यालय...
गुना (मिस्बाह नूर) : दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गई टिप्पणी के विरोध में भाजपा आग बबूला है। सोमवार को पार्टी ने गुना जिला मुख्यालय पर उग्र प्रदर्शन किया। भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार के नेतृत्व में कार्यकर्ता सांकेतिक रूप से राहुल गांधी की अर्थी पत्रकार कॉलोनी स्थित कांग्रेस कार्यालय लेकर पहुंच गए और मृत समान घोषित कर दिया।
भाजपा के प्रदर्शन की शुरुआत बायपास के मारूति शोरूम स्थित तिराहे से शुरु हुआ। जहां जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिकरवार और महिला मोर्चा अध्यक्ष राजेश सिंह की मौजूदगी में कई बड़े नेता और कार्यकर्ताओं के हुजूम ने राहुल गांधी व जीतू पटवारी के खिलाफ नारेबाजी शुरु कर दी। इसके बाद भाजपा नेताओं का टोला पत्रकार कॉलोनी स्थित कांग्रेस कार्यालय की ओर आगे बढ़ा। जहां सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने पहले ही बेरीकेट्स लगा दिए थे। इतना ही नहीं कांग्रेस के कई बड़े नेता और कार्यकर्ता कार्यालय की सुरक्षा के लिए पहले से ही तैनात हो गए। जैसे ही भाजपा की भीड़ कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, पुलिस उन्हें कार्यालय के बाहर ही रोक दिया। इस दौरान भाजपा के कार्यकर्ता और पुलिस के बीच मामूली नोंक-झोंक भी देखने को मिली।

दरअसल, कुछ भाजपा नेताओं ने बेरीकेट्स हटाकर अंदर जाने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने समझाइश दी कि विरोध प्रदर्शन केवल परिसर के बाहर ही किया जाए। इसके बाद पार्टी जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार ने आंदोलन की भूमिका बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी के इशारे पर ही दरभंगा में एक व्यक्ति द्वारा वोटर अधिकार यात्रा के दौरान पीएम मोदी की मां को लेकर अपशब्द कहे गए थे। कांग्रेस ऐसी मां की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही है, जिन्होंने नरेंद्र मोदी जैसे भारत मां के लाल को जन्म दिया और उस नेता को पूरी पुलिया ने स्वीकारते हुए अब तक 27 सर्वोच्च सम्मान तक दिए हैं। सिकरवार के मुताबिक एक तरफ राहुल की शह पर मोदी की मां के खिलाफ अपशब्द कहे जाते हैं।

वहीं दूसरी ओर मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी लाड़ली बहनों को नशा करने वाला बता रहे हैं। दोनों ही नेताओं की मानसिकता खराब है। इसलिए भाजपा ने आज राहुल गांधी का अंतिम संस्कार कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि गुना भाजपा की बहनें बिहार चुनाव के दौरान वहां जाएंगी और बिहार की बहनों को राहुल गांधी जैसे नेताओं की सच्चाई के बारे में बताया जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन जैसे ही समाप्त हुआ, वैसे ही वापस जाने की जल्दबाजी में कई नेताओं ने पार्टी के झंडे कांग्रेस कार्यालय के बाहर ही पटक दिए। ऐसा लग रहा था मानो यहां कुछ देर पहले भगदड़ मची हो। हालांकि जैसे ही कुछ बड़े नेताओं ने पीछे मुड़कर देखा, उन्हें अपनी गलती समझ आई और कार्यकर्ताओं को भेजकर झंडों को समेटा गया।