Edited By Himansh sharma, Updated: 10 Apr, 2026 02:13 PM

कसडोल थाना एसडीओपी कौशल किशोर वासनिक ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
बलौदाबाजार (अशोक टण्डन): छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना अंतर्गत ग्राम कटगी में युवा कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष भागवत साहू और उनके पिता, ढाबा संचालक संतोष थवाईत के खिलाफ गांव की महिला कमांडो टीम और ग्रामीणों द्वारा अवैध शराब बिक्री की शिकायत की गई थी। यह शिकायत जनदर्शन में बलौदाबाजार कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से की गई थी।
शिकायत से बौखलाए भागवत और उनके पिता ने गांव में दहशत फैलाने के उद्देश्य से अपने कुछ साथियों के साथ रिवॉल्वर लहराते हुए हवाई फायरिंग की—ऐसा ग्रामीणों का कहना है।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने भागवत के पिता संतोष की जमकर पिटाई कर दी। मौके की नजाकत को देखते हुए भागवत वहां से फरार हो गया। मामले में पुलिस द्वारा साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है। वहीं, फरार आरोपी भागवत की जानकारी देने वाले को पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है और इसके लिए जगह-जगह पंपलेट भी चिपकाए जा रहे हैं।
कसडोल थाना एसडीओपी कौशल किशोर वासनिक ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही उन्होंने जल्द ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी का भरोसा भी दिलाया।