Edited By Vandana Khosla, Updated: 18 Jul, 2026 09:26 AM

रायपुरः छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष के पद को लेकर जारी चर्चाओं के बीच शुक्रवार रात राजनीतिक गतिविधियां तेज दिखाई दी। राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम ने रायपुर के एक निजी होटल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के सम्मान में रात्रिभोज (कटर्सी...
रायपुरः छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष के पद को लेकर जारी चर्चाओं के बीच शुक्रवार रात राजनीतिक गतिविधियां तेज दिखाई दी। राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम ने रायपुर के एक निजी होटल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के सम्मान में रात्रिभोज (कटर्सी डिनर) का आयोजन किया था। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व उपमुख्यमंत्री, पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक तथा संगठन के वरिष्ठ नेता मौजूद रहें।
कांग्रेस के अनुसार यह आयोजन राज्यसभा सदस्य बनने के बाद नेताम की ओर से किया गया। जिसे औपचारिक कटर्सी डिनर बताया गया है। हालांकि, राजनीतिक हलकों में इसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष की संभावित दावेदारों में नेताम का नाम भी चर्चा में होने के कारण इस आयोजन ने राजनीतिक महत्व प्राप्त कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने 12 जुलाई को अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे कर लिए हैं। कांग्रेस संगठन में सामान्यत: प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष माना जाता है। ऐसे में यह चर्चा तेज है कि आगामी विधानसभा चुनाव तक पार्टी नेतृत्व बैज पर ही भरोसा कायम रखेगा अथवा संगठन की कमान किसी नए चेहरे को सौंपी जाएगी।
बैज समर्थकों का कहना है कि विधानसभा चुनाव तक उन्हें ही प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखा जा सकता है। वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम भी संभावित दावेदारों के रूप में राजनीतिक चर्चाओं में शामिल हैं। हालांकि, बैज ने अपने भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया। उन्होंने यह नहीं कहा कि उन्हें दोबारा जिम्मेदारी मिलने वाली है और न ही इस विषय पर आलाकमान के साथ किसी चर्चा की पुष्टि की। उन्होंने केवल इतना कहा कि वे 'आलाकमान के आशीर्वाद से काम कर रहे हैं।'
बता दें कि प्रदेश अध्यक्ष को लेकर जारी अटकलों के बीच देर रात आयोजित हुआ यह रात्रिभोज केवल औपचारिक सौजन्य भेंट साबित होगा या संगठनात्मक राजनीति की आगामी दिशा तय करने की भूमिका भी निभाएगा, इस पर कांग्रेस नेताओं और राजनीतिक पर्यवेक्षकों की नजर रहेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के चयन को लेकर चल रहे मंथन के बीच इस आयोजन को संगठन के भीतर की गतिविधियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।