Edited By meena, Updated: 05 Nov, 2026 04:13 PM

भोपाल में लगातार दूसरे दिन कचरा नहीं उठने से सड़कें, बाजार और गली-मोहल्लों में कचरे के ढेर लग गए हैं। कई स्थानों पर डस्टबिन भरने के बाद कचरा सड़कों...
भोपाल : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई शहरों में सफाईकर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है। भोपाल में लगातार दूसरे दिन कचरा नहीं उठने से सड़कें, बाजार और गली-मोहल्लों में कचरे के ढेर लग गए हैं। कई स्थानों पर डस्टबिन भरने के बाद कचरा सड़कों पर फैल रहा है। सिरोंज में सफाई व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए विधायक उमाकांत शर्मा बुधवार रात खुद सड़क पर उतरे और करीब दो घंटे तक झाड़ू लगाकर सफाई की।
सफाईकर्मी वेतन बढ़ाने, सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, पति या पत्नी की मृत्यु पर अनुकंपा नियुक्ति देने तथा न्यूनतम वेतन 25 हजार रुपये निर्धारित करने की मांग कर रहे हैं। भोपाल में सफाईकर्मियों के साथ कम्प्यूटर ऑपरेटर, बाबू, जलप्रदाय, फायर, बिल्डिंग परमिशन, अतिक्रमण, विद्युत, यांत्रिकी, उद्यान और योजना प्रकोष्ठ के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल हैं। सभी 85 वाडरं और 21 जोन का अमला भी काम पर नहीं है। हड़ताल में करीब 11 हजार कर्मचारियों के शामिल होने की बात कही गई है। भोपाल से प्रतिदिन करीब 850 टन कचरा निकलता है। घरों से कचरा संग्रहण के लिए 400 से अधिक वाहन लगाए गए हैं, जो रोज दो से तीन चक्कर लगाते हैं। शहर के 17 गार्बेज स्टेशनों पर कचरा एकत्र कर कैप्सूल टैंकरों से आदमपुर छावनी भेजा जाता है।
हड़ताल के कारण कचरा संग्रहण और निस्तारण की व्यवस्था प्रभावित हुई है। कई वाहन गार्बेज स्टेशनों पर खड़े हैं। कुछ इलाकों में लोग जमा कचरे को जला रहे हैं, जिससे परेशानी बढ़ रही है। नगर निगम मुख्यालय पर कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। हड़ताल समाप्त कराने के लिए यूनियन पदाधिकारियों ने नगरीय प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे से मुलाकात की, लेकिन बातचीत में समाधान नहीं निकल सका। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर शुक्रवार से भोपाल में पानी की सप्लाई भी बंद कर दी जाएगी। वहीं, न्यू माकेर्ट सहित कुछ बाजारों में व्यापारियों ने स्वयंसेवकों की मदद से सफाई कराई और कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से समाधान निकालने की अपील की है। इंदौर में हालांकि सफाई व्यवस्था सुचारू रहने की जानकारी दी गई है।