Edited By meena, Updated: 08 May, 2026 06:18 PM

मध्य प्रदेश के कद्दावर नेता व तीन बार के विधायक अश्विन जोशी का आज दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उन्होंने 66 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनके निधन से कांग्रेस नेताओं समेत भाजपा...
इंदौर (सचिन बहरानी) : मध्य प्रदेश के कद्दावर नेता व तीन बार के विधायक अश्विन जोशी का आज दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उन्होंने 66 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनके निधन से कांग्रेस नेताओं समेत भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं इंदौर के पूर्व विधायक अश्विन जोशी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि!
बता दें कि अश्विन जोशी इंदौर की राजनीति का एक जुझारू चेहरा थे। उन्हें इंदौर की जनता संघर्ष करने वाले “पानी वाले बाबा के नाम से जानती थी। अश्विन जोशी विधानसभा 3 से तीन बार के विधायक रहे हैं।
इसके अलावा उनकी बेबाक शैली भी जनता को काफी पसंद आती थी। विधानसभा तीन से लगातार तीन बार विधायक चुने जाने के बाद उन्होंने क्षेत्र की जनता में अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे अक्सर शेर और शायरी बोला करते थे। इसी बीच वे कभी-कभी भावुक भी हो जाते थे।
बताया जा रहा है कि अश्विन जोशी पिछले कुछ समय से सांस लेने में तकलीफ और पैरों की बीमारी से जूझ रहे थे। उनका इलाज चल रहा था। वहीं आज सुबह उन्हें दिल का दौरा पड़ा था उनके निधन की खबर आते ही शहर के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।
अश्विन जोशी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत होलकर कॉलेज में छात्र राजनीति से की थी। उन्होंने छात्र संघ चुनाव भी लड़ा था और वहीं से राजनीति में सक्रिय हुए। उनके चाचा महेश जोशी कांग्रेस के वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे। अश्विन जोशी को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का करीबी भी माना जाता था। शहर में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अश्विन जोशी ने आज इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। अब उनके बेटे के विदेश से लौटते ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।