Edited By Himansh sharma, Updated: 03 May, 2026 04:09 PM

जिले में किसान गोविंद सिंह गुर्जर की आत्महत्या के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। इस प्रकरण में पूर्व कांग्रेस विधायक शशांक भार्गव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है
विदिशा : जिले में किसान गोविंद सिंह गुर्जर की आत्महत्या के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। इस प्रकरण में पूर्व कांग्रेस विधायक शशांक भार्गव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जिससे प्रदेश की सियासत में हलचल बढ़ गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच विशेष जांच दल (SIT) को सौंप दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों और परिजनों की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। विदिशा एसपी रोहित केसवानी के निर्देशन में गठित SIT अब पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है।
आत्महत्या से पहले सामने आया वीडियो बना आधार
जानकारी के अनुसार, बीते 27 अप्रैल को किसान गोविंद सिंह गुर्जर ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उन्होंने कुछ गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद उनका शव रेलवे ट्रैक के पास बरामद हुआ था। इसी वीडियो को जांच का एक अहम आधार माना जा रहा है।
पूर्व विधायक का पलटवार – राजनीतिक साजिश का आरोप
वहीं पूर्व विधायक शशांक भार्गव ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक षड्यंत्र बताया है। उनका कहना है कि उन्हें जानबूझकर इस मामले में फंसाया जा रहा है।
जांच के घेरे में कई सवाल
मामले में लगाए गए आरोपों में कुछ राजनीतिक नामों का उल्लेख भी सामने आया है, हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और कहा है कि जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। फिलहाल पूरा मामला जांच के अधीन है और पुलिस का कहना है कि सबूतों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।