Edited By Himansh sharma, Updated: 28 Apr, 2026 11:24 AM

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एक किसान की संदिग्ध मौत ने प्रदेश की राजनीति में भूचाल ला दिया है।
विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एक किसान की संदिग्ध मौत ने प्रदेश की राजनीति में भूचाल ला दिया है। ट्रेन से कटकर हुई इस मौत को पहले आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन मौत से ठीक पहले सामने आए एक वीडियो ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। वीडियो में किसान ने पूर्व विधायक शशांक भार्गव पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और स्थानीय विधायक मुकेश टंडन की हत्या की सुपारी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक किसान ने अपनी मौत से कुछ समय पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उसने दावा किया कि पूर्व विधायक शशांक भार्गव उस पर लगातार दबाव बना रहे थे कि वह केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और विधायक मुकेश टंडन को रास्ते से हटाए। किसान ने आरोप लगाया कि इसके बदले उसे पैसे देने का लालच भी दिया गया था।वीडियो सामने आने के कुछ ही समय बाद किसान का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हुआ, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद पूरे घटनाक्रम ने गंभीर राजनीतिक रंग ले लिया।
मृतक के बेटे दीपक गुर्जर ने भी पूर्व विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके पिता लंबे समय से मानसिक दबाव में थे। परिवार का आरोप है कि शशांक भार्गव ने साफ कहा था कि जमीन और पैसों का हिसाब तभी होगा, जब वह बताए गए लोगों को नुकसान पहुंचाएंगे।
बताया जा रहा है कि मृतक किसान, पूर्व विधायक की जमीन कोली पर लेकर खेती करता था, जिससे दोनों के बीच आर्थिक लेन-देन और व्यक्तिगत संपर्क भी था। यही कारण है कि परिवार इस पूरे मामले को केवल आत्महत्या नहीं, बल्कि दबाव और साजिश से जुड़ी मौत मान रहा है।
फिलहाल शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज में कराया गया है। थाना प्रभारी आशुतोष सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वीडियो की सत्यता की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने प्रदेश की सियासत में हलचल बढ़ा दी है। एक ओर जहां विपक्ष इसे गंभीर कानून-व्यवस्था का मामला बता रहा है, वहीं सत्तारूढ़ दल के नेताओं के नाम सामने आने से प्रशासन भी सतर्क हो गया है। अब सबकी नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है।