Edited By Himansh sharma, Updated: 30 Aug, 2026 01:24 PM

जिले के रामपुर तहसील क्षेत्र के अमिलहा पोस्ट अंतर्गत ग्राम पंचायत झगरी के तिवारीयान टोला की सड़क इन दिनों ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।
सीधी (सूरज शुक्ला): जिले के रामपुर तहसील क्षेत्र के अमिलहा पोस्ट अंतर्गत ग्राम पंचायत झगरी के तिवारीयान टोला की सड़क इन दिनों ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। करीब 250 की आबादी वाले इस टोले तक पहुंचने वाली सड़क बारिश के मौसम में पूरी तरह कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गई है। हालात यह हैं कि यहां पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, जबकि दोपहिया वाहन और एंबुलेंस का पहुंचना लगभग नामुमकिन हो गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क की खराब हालत का सबसे ज्यादा खामियाजा स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को भुगतना पड़ रहा है। रोजाना बच्चे इसी कीचड़ और दलदल से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। कई बार फिसलने के कारण बच्चों के गिरने और चोटिल होने की स्थिति भी बन जाती है। बारिश के दिनों में सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।
मरीजों और गर्भवती महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी
सड़क की बदहाली के कारण बीमार और बुजुर्ग लोगों को अस्पताल तक पहुंचाना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। आपात स्थिति में एंबुलेंस के गांव तक नहीं पहुंच पाने से मरीजों की परेशानी और बढ़ जाती है। वहीं, गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान भी ग्रामीणों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कई बार खराब रास्ते के कारण मरीजों को वैकल्पिक साधनों से मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या कोई नई नहीं है। लंबे समय से सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग शासन-प्रशासन के समक्ष उठाई जा रही है। ग्रामीणों ने कई बार जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण की गुहार लगाई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
बारिश में और बढ़ जाती है समस्या
ग्रामीणों के अनुसार, सामान्य दिनों में भी सड़क की स्थिति ठीक नहीं रहती, लेकिन बारिश शुरू होते ही हालात बेहद खराब हो जाते हैं। जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने के कारण आवागमन जोखिम भरा हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण या पक्कीकरण नहीं कराया गया, तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से तिवारीयान टोला की सड़क का जल्द से जल्द निर्माण कराने की मांग की है, ताकि करीब 250 की आबादी को बारिश के मौसम में होने वाली परेशानी से राहत मिल सके। साथ ही स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।