Edited By Desh Raj, Updated: 06 Mar, 2026 08:44 PM

मध्य प्रदेश के दमोह से बड़ा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है। परीक्षा केंद्र के बाहर एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई जिससे सनसनी फैल गई।
दमोह (इम्तियाज़ चिश्ती ) मध्य प्रदेश के दमोह से बड़ा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है। परीक्षा केंद्र के बाहर एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई जिससे सनसनी फैल गई।
दसवीं के छात्र की 6 छात्रों ने पुरानी रंजिश के चलते की हत्या
दरअसल दमोह में अपराधियों पर अंकुश नहीं लग पा रहा हैस आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों में पुलिस का रत्ती भर अब खौफ नहीं रहा है। लगातार दो दिन में दो मासूमों की निर्मम हत्याओं से हड़कंप है। पहली घटना गुरुवार की है जब एक अधेड़ व्यक्ति ने 16 वर्षीय की हथौड़ी मार-मार कर निर्मम हत्या कर दी थी, वहीं दूसरी वारदात में शुक्रवार को दसवीं के छात्र की लगभग 4 छात्रों ने पुरानी रंजिश के चलते चाकुओं से वार कर हत्या कर दी ।
दरअसल दमोह नगर में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां कक्षा दसवीं की परीक्षा देकर बाहर निकले एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल छात्र की जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऋषि अहिरवार नामक छात्र कक्षा दसवीं में अध्ययनरत था और वह नगरीय क्षेत्र से लगे ईमलाई गांव के शासकीय विद्यालय का छात्र था जो वार्षिक परीक्षा देकर जैसे ही परीक्षा केंद्र से बाहर निकला, उसी दौरान कुछ छात्रों के साथ उसका विवाद हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद अचानक बढ़ गया और इसी दौरान एक छात्र ने चाकू निकालकर ऋषि अहिरवार पर हमला कर दिया। चाकू के वार से वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और साथियों ने तुरंत उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल दमोह पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया, परिजनों द्वारा तुरंत उसे ब्लड की व्यवस्था की लेकिन अधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई और उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। एच. आर. पांडे नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है । घटना में शामिल आरोपी छात्र की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे घटनाक्रम की जांच प्रारंभ कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद परीक्षा केंद्र के आसपास क्षेत्र में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सीएसपी एच आर पाण्डे ने बताया इस घटना के सभी आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया इनकी पुरानी रंजिश बताई जा रही है इसमें लगभग 6 आरोपी है सभी पर बी एन एस 103 / 34 एस सी एस टी के तहत मामला दर्ज किया गया है ।