अचानक अस्पताल पहुंचीं पूर्व CM, क्या तबीयत नहीं है ठीक? खुद बताई पूरी बात, तोड़ी चुप्पी

Edited By Himansh sharma, Updated: 09 Aug, 2026 09:38 AM

uma bharti breaks silence on health rumours

मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती के स्वास्थ्य को लेकर सामने आ रही चर्चाओं पर उन्होंने खुद स्थिति स्पष्ट कर दी है।

भोपाल। मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती के स्वास्थ्य को लेकर सामने आ रही चर्चाओं पर उन्होंने खुद स्थिति स्पष्ट कर दी है। सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में गंभीर बीमारी से जुड़ी अटकलों को खारिज करते हुए उमा भारती ने कहा कि वह पूरी तरह ठीक हैं और फिलहाल उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है।उमा भारती ने अपने बयान में कहा कि हर व्यक्ति के जीवन में अंतिम समय आता है, उनका भी आएगा, लेकिन अभी वह मरने वाली नहीं हैं। उन्होंने अपने स्वास्थ्य को लेकर परेशान शुभचिंतकों से भी अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

दांत में दर्द के कारण गई थीं अस्पताल

उमा भारती के मुताबिक, हाल ही में उनके दांत में दर्द हुआ था। इसी वजह से वह वृंदावन स्थित रामकृष्ण अस्पताल जांच और उपचार के लिए पहुंची थीं। वहां मामूली उपचार के बाद वह वापस लौट आईं। इसी घटना को लेकर उनके गंभीर रूप से बीमार होने की खबरें और चर्चाएं शुरू हो गईं, जिन्हें उन्होंने गलत बताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल जाने की वजह कोई गंभीर बीमारी नहीं, बल्कि दांत में हुआ दर्द था।

पहले भी गर्मी के कारण बिगड़ा था बीपी

उमा भारती ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में 15 जून की एक घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हरिद्वार से दिल्ली जाते समय अत्यधिक गर्मी के कारण उन्हें कमजोरी महसूस हुई थी। वाहन में एसी होने के बावजूद वह अक्सर खिड़की खुली रखकर यात्रा करती हैं।

रास्ते में तबीयत कमजोर लगने पर उन्होंने एक पेट्रोल पंप पर वाहन रुकवाया और पीछे आ रही एंबुलेंस से चिकित्सकीय सहायता ली। जांच में उनका ब्लड प्रेशर कम पाया गया। डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें कॉफी दी गई और स्थानीय प्रशासन को भी इसकी सूचना दी गई। कुछ समय बाद बीपी सामान्य होने पर वह दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।

वृंदावन से जुड़ा खास लगाव भी बताया

उमा भारती इन दिनों श्रावण मास के दौरान वृंदावन में समय बिता रही हैं। इसी दौरान उन्होंने अपने जीवन के अंतिम समय को लेकर भी भावुक बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अपने जीवन का अंतिम समय वृंदावन में बिताना चाहती हैं और उनकी इच्छा है कि मृत्यु के बाद उनकी समाधि भी यहीं बनाई जाए।

अपना प्यार बनाए रखिए, इससे मेरी आयु और बढ़ेगी

स्वास्थ्य को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उमा भारती ने अपने शुभचिंतकों को संदेश देते हुए कहा कि उनके प्रति अपना प्यार और स्नेह बनाए रखें। उन्होंने मजाकिया लेकिन भावुक अंदाज में कहा कि लोगों का प्यार उनकी आयु को और बढ़ाएगा। फिलहाल उमा भारती ने अपने स्वास्थ्य को लेकर फैल रही गंभीर बीमारी की अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उनके बयान के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों के बीच भी राहत की स्थिति है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!