Edited By meena, Updated: 20 Sep, 2025 08:34 PM

कमलनाथ सरकार में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को लेकर हुई घोषणा के अनुसार वर्तमान सरकार में ओबीसी...
ग्वालियर (अंकुर जैन) : कमलनाथ सरकार में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को लेकर हुई घोषणा के अनुसार वर्तमान सरकार में ओबीसी वर्ग को आरक्षण का लाभ ना मिलने से नाराज ओबीसी महासभा एक के बाद एक प्रदर्शन करते दिखाई दे रही है। मध्यप्रदेश में ओबीसी महासभा के आंदोलन को अब कांग्रेस पार्टी का भी समर्थन मिल रहा है। राजधानी भोपाल ही नहीं ग्वालियर में भी ओबीसी संगठन अपनी मांगों को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।
शनिवार को ग्वालियर में सैकड़ों ओबीसी महासभा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सरकारी भर्तियों में 13 प्रतिशत आरक्षण को अनहोल्ड कराने की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देने ग्वालियर कलेक्टर ऑफिस पर पहुंचे। उनके साथ समर्थन में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र यादव भी नजर आए।

हालांकि ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण दिलाए जाने को लेकर खुद प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ओबीसी वर्ग के नेताओं के साथ सर्वदलीय बैठक कर अपना समर्थन जता चुके हैं। उसके वाबजूद सियासी गलियारों में ओबीसी आरक्षण का जिन्न शांत होते नहीं दिख रहा है। ओबीसी संगठन के लोग लगातार आंदोलन की चेतावनी तक दे रहे है।
ओबीसी महासभा के नेता रूपेश यादव का कहना है कि हाईकोर्ट में इसको लेकर सही ढंग से पैरवी नहीं की जा रही है। ओबीसी वर्ग के छात्रों एवं युवाओं को 27 प्रतिशत आरक्षण ना मिलने की पीड़ा सहनी पड़ रही है।हमारी इस लड़ाई में अब ओबीसी संगठन ही नहीं कांग्रेस पार्टी के अलावा एससी,एसटी वर्ग के संगठन ने भी समर्थन दिया है।