Edited By Himansh sharma, Updated: 27 Apr, 2026 11:23 PM

मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई एक बार फिर विवादों में घिर गई है।
इंदौर। (सचिन बहरानी): मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई एक बार फिर विवादों में घिर गई है। वार्ड क्रमांक 65, महाकाल चौराहा खातीवाला टैंक क्षेत्र में नगर निगम ने 7 दुकानों को हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान स्थानीय दुकानदारों ने वार्ड के पार्षद कमलेश कालरा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दुकानदारों का कहना है कि पार्षद कमलेश कालरा द्वारा उनसे कथित रूप से अवैध रूप से पैसे और किराया मांगा गया था।
आरोप है कि रकम देने से इनकार करने पर नगर निगम की कार्रवाई करवाई गई। इस पूरे मामले के बीच पार्षद का एक कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे विवाद और गहरा गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी पार्षद कमलेश कालरा का नाम अवैध नोटिस, नक्शों की सेटिंग और पैसों लेकर मामलों को रफा-दफा करने जैसे आरोपों में सामने आ चुका है।
रहवासियों का कहना है कि जनता जिस जनप्रतिनिधि को अपने हितों की रक्षा के लिए चुनती है, यदि वही शोषण और वसूली के आरोपों में घिर जाए तो यह लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। हालांकि नगर निगम प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई शहर में चल रहे नियमित अतिक्रमण विरोधी अभियान का हिस्सा है और इसका किसी व्यक्तिगत विवाद से संबंध नहीं है। फिलहाल मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन दुकानदारों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। सोशल मीडिया पर वायरल दोनों ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, और पंजाब केसरी भी इन ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।