Edited By Himansh sharma, Updated: 19 Apr, 2026 10:56 PM

आज भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई
भोपाल: आज भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव मौजूद रहे।प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेताओं ने यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाए गए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि यह संविधान संशोधन विधेयक देश की महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, लेकिन कांग्रेस और विपक्षी ‘इंडी गठबंधन’ ने इसका विरोध कर महिला सशक्तिकरण की राह में बाधा उत्पन्न की है।
भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के चलते देश की बड़ी महिला आबादी के हितों की अनदेखी की है और उनके राजनीतिक अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया है।नेताओं ने कहा कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे को रोकना महिलाओं के साथ अन्याय है और आने वाले समय में देश की नारी शक्ति इसका जवाब देगी।
भाजपा ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के इस रुख को जनता बर्दाश्त नहीं करेगी और इसका राजनीतिक परिणाम उन्हें भुगतना पड़ेगा। प्रेस वार्ता के अंत में भाजपा नेताओं ने महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और इस अधिनियम को ऐतिहासिक कदम बताया।