Edited By meena, Updated: 14 Sep, 2026 09:12 PM

मध्य प्रदेश में अगले पुलिस महानिदेशक यानी DGP को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं....
भोपाल : मध्य प्रदेश में अगले पुलिस महानिदेशक यानी DGP को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। मौजूदा DGP कैलाश मकवाना का कार्यकाल 30 नवंबर 2026 को खत्म हो रहा है। ऐसे में अब नए पुलिस मुखिया के नाम को लेकर कवायद शुरू हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, राज्य सरकार ने DGP और स्पेशल DGP स्तर के 12 वरिष्ठ IPS अधिकारियों का पैनल तैयार कर UPSC को भेजा है। अब UPSC की चयन समिति इस पैनल पर विचार करेगी और तीन अधिकारियों के नामों की संस्तुति राज्य सरकार को भेजेगी। इसके बाद सरकार इन तीन नामों में से एक अधिकारी का चयन करेगी। चुना गया अधिकारी 1 दिसंबर 2026 से मध्य प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक के तौर पर जिम्मेदारी संभाल सकता है।
फिलहाल DGP की दौड़ में 1991 बैच के तीन वरिष्ठ IPS अधिकारियों के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। इनमें जेल महानिदेशक वरुण कपूर, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ यानी EOW के महानिदेशक उपेंद्र जैन और होमगार्ड महानिदेशक प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव शामिल हैं। वरिष्ठता के लिहाज से वरुण कपूर सबसे आगे माने जा रहे हैं। वहीं उपेंद्र जैन को भी मजबूत दावेदार माना जा रहा है। उन्हें मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों और महत्वपूर्ण पदों पर काम करने का लंबा अनुभव है।
वहीं इस पूरी रेस में प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव का नाम भी खास चर्चा में है। अगर सरकार महिला नेतृत्व और महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देती है, तो उनकी दावेदारी मजबूत हो सकती है। अगर प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव का चयन होता है, तो मध्य प्रदेश को अपनी पहली महिला DGP मिल सकती हैं। फिलहाल अंतिम फैसला सरकार को करना है, लेकिन UPSC की प्रक्रिया और उसके बाद होने वाले चयन पर सभी की नजरें टिकी हैं। ऐसे में अब बड़ा सवाल यही है कि कैलाश मकवाना के बाद मध्य प्रदेश पुलिस की कमान आखिर किस वरिष्ठ IPS अधिकारी के हाथों में जाएगी?