MP Politics में हलचल तेज! 3 दिन में दूसरी बार दिल्ली पहुंचे CM मोहन यादव, हेमंत खंडेलवाल भी एक्टिव

Edited By Himansh sharma, Updated: 12 Sep, 2026 12:48 PM

cm mohan yadav s delhi visit sparks mp political buzz

मध्य प्रदेश की राजनीति में इन दिनों गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं।

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में इन दिनों गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर दौरे की तैयारियों के बीच भाजपा में भी संगठन से लेकर सत्ता तक बैठकों और मुलाकातों का दौर जारी है। इसी बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को एक बार फिर दिल्ली पहुंचे। खास बात यह है कि तीन दिन के भीतर यह उनकी दूसरी दिल्ली यात्रा है।मुख्यमंत्री इससे पहले 9 सितंबर को दुबई दौरे से लौटने के बाद दिल्ली पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के नेताओं से मुलाकात के बाद कुछ घंटों तक दिल्ली में रुककर प्रदेश से जुड़े विषयों पर चर्चा की थी। अब एक बार फिर उनका दिल्ली दौरा राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

हेमंत खंडेलवाल की दिल्ली यात्राओं ने भी बढ़ाई चर्चा

मुख्यमंत्री के साथ-साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सक्रियता भी लगातार बनी हुई है। बीते करीब 15 दिनों में खंडेलवाल तीन बार दिल्ली का दौरा कर चुके हैं। इस दौरान उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष सहित कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात हुई है। खंडेलवाल गुरुवार को ही दिल्ली से वापस लौटे थे और इसके अगले ही दिन मुख्यमंत्री मोहन यादव का दिल्ली पहुंचना कई तरह की राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे रहा है। हालांकि, दोनों नेताओं के दौरों को लेकर पार्टी की ओर से किसी नए राजनीतिक घटनाक्रम का संकेत नहीं दिया गया है।

प्रदेश कार्यालय में दिखी CM और प्रदेश अध्यक्ष की जुगलबंदी

इधर, भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल एक साथ नजर आए। दोनों नेताओं ने पत्रकार वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेश में आयोजित किए जाने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' की जानकारी दी। भाजपा का यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। पार्टी की योजना के मुताबिक अभियान के दौरान विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। लाभार्थी परिवारों के घरों में 'आशीर्वाद का दीया' जलाने की पहल भी इसमें शामिल है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष सत्ता के नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सुशासन के रहे हैं। उन्होंने इस दौरान मध्य प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

भर्ती से लेकर एयर कनेक्टिविटी तक CM ने गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में करीब एक लाख शासकीय कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है, जबकि 85 हजार से अधिक विभिन्न पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। आने वाले समय में करीब ढाई लाख पदों पर भर्ती किए जाने की योजना भी बताई गई।

सिंचाई के क्षेत्र में प्रदेश की क्षमता को बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश में पांच नए एयरपोर्ट को मंजूरी मिलने की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी।फिलहाल मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की लगातार दिल्ली यात्राओं के बीच मध्य प्रदेश भाजपा में बैठकों और संवाद का सिलसिला चर्चा में है। आने वाले दिनों में इन मुलाकातों का असर प्रदेश की राजनीति और संगठन की गतिविधियों में किस रूप में दिखाई देता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!