Edited By meena, Updated: 05 Mar, 2026 07:45 PM

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में होली की खुशियां मातम में बदल गई। जहां दोस्तों के साथ जश्न मना रहे प्रोफेसर को अचानक नाचते नाचते तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित...
भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में होली की खुशियां मातम में बदल गई। जहां दोस्तों के साथ जश्न मना रहे प्रोफेसर को अचानक नाचते नाचते तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
25 वर्षीय कृष्णा नायक के रूप में हुई पहचान
मृतक की पहचान 25 वर्षीय कृष्णा नायक के रूप में हुई है, जो ऐशबाग क्षेत्र का निवासी था। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
होली खेलने के बाद दोस्तों के साथ पी थी भांग
जानकारी के अनुसार कृष्णा नायक ने बुधवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ जमकर होली खेली थी। इसके बाद सभी ने साथ बैठकर भांग पी थी और गानों पर डांस करते हुए जश्न मनाया। कुछ देर बाद कृष्णा को अचानक घबराहट महसूस होने लगी, जिसके बाद वह अपने एक दोस्त के कमरे में जाकर बैठ गया। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
दोस्तों ने कृष्णा की हालत गंभीर देखकर उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आ सकेगी।