Edited By Vikas Tiwari, Updated: 10 Feb, 2026 05:57 PM

छत्तीसगढ़ अब केवल प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य ही नहीं, बल्कि ज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भी देश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट लक्ष्य...
रायपुर: छत्तीसगढ़ अब केवल प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य ही नहीं, बल्कि ज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भी देश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट लक्ष्य छत्तीसगढ़ को आईटी, आईटीईएस एवं इमरजिंग टेक्नोलॉजी आधारित उद्योगों के लिए एक भरोसेमंद और आकर्षक गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।
मुख्यमंत्री साय आज अपने निवास कार्यालय में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ शासन और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के बीच हुए महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) के अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस ऐतिहासिक एमओयू के तहत राज्य में सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप (CoE) और इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड डेवलपमेंट (ESDD) सेंटर की स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने और आईटी व आईटीईएस जैसे क्षेत्रों में विश्वस्तरीय अवसर राज्य के भीतर ही उपलब्ध कराने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रस्तावित सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वन एवं औषधीय उत्पाद आधारित मेडटेक, स्मार्ट सिटी सॉल्यूशंस और स्मार्ट एग्रीकल्चर जैसे चार प्रमुख क्षेत्रों में नवाचार और स्टार्ट-अप को प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं, अत्याधुनिक ESDD सेंटर हर वर्ष लगभग 30 से 40 हार्डवेयर स्टार्ट-अप और एमएसएमई को प्रोडक्ट डिजाइन, प्रोटोटाइपिंग, स्किल डेवलपमेंट और क्षमता निर्माण की सुविधाएं प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रदेश के युवाओं को राज्य में ही इनक्यूबेशन, मेंटरशिप, फंडिंग और आधुनिक लैब्स की सुविधा मिलेगी, जिससे बड़े शहरों की ओर पलायन रुकेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार व उद्यमिता को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने एसटीपीआई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित संस्था के सहयोग को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि देशभर में इसके 68 केंद्र और 24 सेक्टर-स्पेसिफिक सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप का अनुभव छत्तीसगढ़ के स्टार्ट-अप इकोसिस्टम को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। मुख्यमंत्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि यह एमओयू छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा और राज्य को डिजिटल इनोवेशन, तकनीकी उद्यमिता और स्टार्ट-अप के क्षेत्र में राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, एसटीपीआई के निदेशक श्री रवि वर्मा, चिप्स के सीईओ श्री प्रभात मलिक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।