Edited By Vikas Tiwari, Updated: 18 Feb, 2026 07:56 PM

जिले के एक सरकारी मिडिल स्कूल से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दर्जनों छात्रों ने अपनी कलाइयों को नुकीली वस्तु से जख्मी कर लिया। करीब एक महीने पुरानी इस घटना के उजागर होते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। कलेक्टर और एसपी के निर्देश पर...
धमतरी: जिले के एक सरकारी मिडिल स्कूल से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दर्जनों छात्रों ने अपनी कलाइयों को नुकीली वस्तु से जख्मी कर लिया। करीब एक महीने पुरानी इस घटना के उजागर होते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। कलेक्टर और एसपी के निर्देश पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू कर दी है तथा बच्चों की मनोचिकित्सक से काउंसलिंग कराई गई है।
मामला कुरूद ब्लॉक के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला दहदहा का है, जो ब्लॉक मुख्यालय से लगभग पांच किलोमीटर दूर राजिम रोड पर स्थित है। यहां कक्षा 6वीं, 7वीं और 8वीं के कुल 35 छात्रों की कलाई के पास कट के निशान पाए गए। बताया जा रहा है कि घटना 20-25 दिन पहले की है, लेकिन 13 फरवरी को एक छात्र के परिजन द्वारा शिकायत किए जाने के बाद स्कूल प्रबंधन के संज्ञान में आई। जांच में सामने आया कि बच्चों ने किसी नुकीली वस्तु से अपनी कलाइयों को कुरेदकर जख्मी किया था। हालांकि घाव भर चुके थे और ध्यान से देखने पर ही निशान दिखाई दे रहे थे। प्रारंभ में नशे से जुड़े एंगल की भी जांच की गई, लेकिन अब तक ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला है।
16 फरवरी को शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम स्कूल पहुंची। अभिभावकों और शिक्षकों के साथ बैठक की गई और बच्चों से विस्तृत बातचीत की गई। मनोचिकित्सकीय काउंसलिंग के दौरान सामने आया कि यह घटना किसी आपसी चुनौती और देखा-देखी की प्रवृत्ति का परिणाम थी। एक छात्र द्वारा ऐसा करने के बाद अन्य बच्चों ने भी नकल की। अधिकारियों के अनुसार, यह व्यवहार किसी ट्रेंड या सोशल मीडिया से प्रभावित हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। प्रशासन ने सभी स्कूलों को सतर्क रहने और विद्यार्थियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।