Edited By Himansh sharma, Updated: 21 Feb, 2026 11:54 AM

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में बीती रात गोहद चौराहा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।
भिंड (देवेश चतुर्वेदी): मध्य प्रदेश के भिंड जिले में बीती रात गोहद चौराहा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बारात लेकर ग्वालियर लौट रही बस और यात्रियों से भरी एक ईको कार के बीच जोरदार टक्कर में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस और राहत-बचाव कार्य:
सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से दो की हालत बेहद गंभीर होने के कारण उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया।
हाइवे पर अफरा-तफरी:
टक्कर के बाद नेशनल हाईवे-719 पर अफरा-तफरी मच गई। घंटों तक लोग हाइवे पर फंसे रहे, पुलिस ने बाद में स्थिति को नियंत्रण में लाकर घायलों को अस्पताल भेजा।
स्थानीयों की पुरानी मांग:
स्थानीय लोग लंबे समय से हाइवे चौड़ीकरण की मांग कर रहे हैं। संतों के आंदोलन और लगातार अपीलों के बावजूद जिम्मेदारों की अनदेखी के कारण रोजमर्रा के हादसे लगातार हो रहे हैं।
पुलिस कार्रवाई:
सभी मृतकों के शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। यह हादसा एक बार फिर हाइवे की सुरक्षा और सड़क चौड़ीकरण की अनदेखी का सघन उदाहरण है।