Edited By meena, Updated: 26 May, 2026 08:37 PM

छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का मंगलवार को भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में हार्ट अटैक से निधन हो गया। उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। उनके अकस्मात निधन से राजनीतिक गलियारों में...
रायपुर : छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का मंगलवार को भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में हार्ट अटैक से निधन हो गया। उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। उनके अकस्मात निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। रूपनारायण सिन्हा के निधन की खबर पर सीएम साय ने शोक व्यक्त किया है।
सीएम साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक, भाजपा के पूर्व संभागीय संगठन मंत्री एवं वर्तमान में छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत ही पीड़ादायक है। उन्होंने संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। योग, भारतीय संस्कृति और समाजसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।
प्रशिक्षण महाअभियान जैसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यक्रम में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए उनका इस प्रकार अचानक हमें छोड़कर जाना अत्यंत दुखद है। उनका निधन भाजपा परिवार और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों, समर्थकों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
गौरतलब है कि रुपनारायण सिन्हा संगठनात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिलासपुर पहुंचे थे। कार्यक्रम के बीच अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत हुई, जिसके बाद मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में शोक की लहर है।