Edited By meena, Updated: 05 May, 2026 01:52 PM

एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के एक यात्री के बैगेज से छेड़छाड़ और सामान चोरी का मामला सामने आया है। मुंबई से फ्लाइट से इंदौर पहुंचे एक व्यापारी का आरोप है कि उसके बैग का ताला टूटा मिला...
इंदौर (सचिन बहरानी) : एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के एक यात्री के बैगेज से छेड़छाड़ और सामान चोरी का मामला सामने आया है। मुंबई से फ्लाइट से इंदौर पहुंचे एक व्यापारी का आरोप है कि उसके बैग का ताला टूटा मिला और अंदर रखा कीमती सामान गायब था। यात्री की शिकायत पर एरोड्रम थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता हिमांशु के अनुसार, वे 2 मई को मुंबई से एअर इंडिया की फ्लाइट AI2591 से इंदौर पहुंचे थे। उन्होंने तड़के सुबह 4 बजे अपने दो बैग चैकिंग काउंटर पर दिए थे। फ्लाइट 7 बजकर 25 मिनट की थी। इसके बाद इंदौर आकर जब उन्होंने एयरपोर्ट पर बेल्ट नंबर-2 से अपना सामान लिया, तो बड़े सूटकेस का ताला टूटा था और चेन खुली हुई मिली। हिमांशु के मुताबिक, सूटकेस खोलने पर एक राडो ब्रांड की घड़ी, परफ्यूम और दो लेदर बेल्ट गायब मिले। उसका कहना है कि चेक-इन के समय उनका सामान पूरी तरह सुरक्षित था, लेकिन डिलीवरी के समय उसमें छेड़छाड़ साफ नजर आई।

हिमांशु ने तुरंत एयरलाइन स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों से शिकायत की, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उनका आरोप है कि मौके पर न तो शिकायत दर्ज की गई और न ही कोई लिखित दस्तावेज दिया गया, जिससे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत एरोड्रम पुलिस को की थी। जहां पुलिस ने चोरी की FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने एयरलाइन स्टाफ से भी घटना को लेकर जानकारी मांगी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। हिमांशु ने एयर इंडिया को मेल करने के साथ ट्वीट भी किया है। बहरहाल इंदौर एयरपोर्ट से एक यात्री का छोटा सा सामान भी चोरी होना कहीं ना कहीं बड़े सवाल खड़े कर रहा है।