लोहे का बक्सा खुलते ही उड़ गए होश, बेटे की करतूत ने सबको कर दिया हैरान

Edited By Himansh sharma, Updated: 02 Jul, 2026 05:35 PM

datia horror murder son hid father s body for 6 months

मध्य प्रदेश के दतिया जिले से एक ऐसा सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले से एक ऐसा सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। आरोप है कि 24 वर्षीय युवक ने महज 40 हजार रुपये के विवाद में अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, वारदात को छिपाने के लिए उसने शव को अपने घर में रखे लोहे के बड़े बक्से में बंद कर दिया और करीब छह महीने तक किसी को इसकी भनक नहीं लगने दी।

पुलिस जांच के अनुसार, जब शव पूरी तरह गल गया और केवल कंकाल बचा, तब आरोपी ने अपने चाचा की मदद से अवशेषों को पास की नदी में फेंक दिया। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी नितिन बुंदेला और उसके चाचा कल्ली उर्फ एस्पेंद्र बुंदेला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब नदी से मानव अवशेष बरामद करने और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई में जुटी है।

40 हजार रुपये बने खूनी विवाद की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक उदयभान सिंह बुंदेला ने खेती के खर्च और ट्रैक्टर की किस्त जमा करने के लिए अपने बेटे को 40 हजार रुपये दिए थे। आरोप है कि युवक ने वह रकम शराब और जुए में खर्च कर दी। जब पिता ने पैसों का हिसाब मांगा तो दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी।

'पिता मुंबई गए हैं' कहकर सबको करता रहा गुमराह

हत्या के बाद आरोपी लगातार गांव वालों और रिश्तेदारों से कहता रहा कि उसके पिता काम के सिलसिले में मुंबई गए हैं। कई महीनों तक यही कहानी दोहराई जाती रही। लेकिन जब उदयभान का कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की और संदेह की कड़ियां आखिरकार बेटे तक जा पहुंचीं। पूछताछ में आरोपी टूट गया और पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि नशे और लालच की लत किस तरह इंसान को अपने ही रिश्तों का दुश्मन बना सकती है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!